हमसे जुड़े

Follow us

30.1 C
Chandigarh
Saturday, February 28, 2026
More
    Home देश डबवाली को अति...

    डबवाली को अतिक्रमण मुक्त बनाने को दूसरे दिन भी बुलडोजर एक्शन!

    Sirsa News
    डबवाली को अतिक्रमण मुक्त बनाने को दूसरे दिन भी बुलडोजर एक्शन!

    Bulldozer Action in Dabwali: डबवाली (सच कहूँ/सुभाष )। शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के उद्देश्य से नगर परिषद डबवाली की कार्रवाई लगातार दूसरे दिन भी जारी रही। बुधवार को मलोट रोड पर गोल चौक से अंडर ब्रिज तक स्थायी व अस्थायी थड़ों, फर्श और अन्य अवैध निर्माणो को जेसीबी मशीनों की मदद से हटाने का अभियान चलाया गया। Sirsa News

    अभियान के दूसरे दिन अंडर ब्रिज के नजदीक अवैध अतिक्रमण पर सख्ती दिखाई गई और दो जेसीबी मशीनों से अवैध ढांचों को ध्वस्त किया गया। इस दौरान नगर परिषद के कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे और पूरी मुस्तैदी के साथ कार्रवाई को अंजाम दिया। कार्रवाई के दौरान कई दुकानदारों ने नगर परिषद के इस कदम का समर्थन किया। उनका कहना था कि सड़क खुली होने से आमजन को आवागमन में सुविधा मिलेगी और जाम की समस्या से राहत मिलेगी। हालांकि उन्होंने सड़क के बीच खड़े बिजली के खंभों को भी हटाने की मांग रखी, ताकि चौड़ी सड़क का पूरा लाभ मिल सके। अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान शहर थाना पुलिस के कर्मचारी भी तैनात रहे। प्रशासन के अनुसार पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से जारी है और आगे भी अभियान जारी रहेगा।

    नगर परिषद के जेई दीपक कुमार ने बताया कि पूरे शहर से अतिक्रमण हटाया जाएगा। पहले मुख्य सड़कों पर अभियान चलाया जा रहा है, इसके बाद अन्य क्षेत्रों में भी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का लक्ष्य डबवाली को जीरो अतिक्रमण बनाना है और किसी भी अवैध कब्जे को बख्शा नहीं जाएगा। Sirsa News