ग्रेटर नोएडा (एजेंसी)। उत्तर प्रदेश में जिला गौतमबुद्धनगर परिक्षेत्र ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुयी मुठभेड़ में दो बदमाश घायल हो गए और तीन को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी कल देर रात दी। उन्होंने बताया कि मध्य रात्रि ग्रेटर नोएडा रोनिजा कट पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान एक आॅटो रिक्शा को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने वाहन मोड़कर भागने की कोशिश की। पीछा करने पर बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में दो बदमाश घायल हो गए।
घायल बदमाशों की पहचान सैयद अमीन (35) निवासी शाहीनबाग, नई दिल्ली और गोरामिया (32) निवासी नूंह, हरियाणा के रूप में हुई है। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। मौके से दो अवैध तमंचे (.315 बोर), दो खोखा कारतूस और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। वहीं, पुलिस ने मौके से तीन अन्य आरोपियों—मुन्सर कमाल (24), मौ. बिलाल (23) और पुष्पेंद्र कुमार (24) को गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान आॅटो से गौवध के लिए रखे गए उपकरण, जिनमें दो चाकू, चार सिरिंज, चार इंजेक्शन की शीशियां, दो आरी ब्लेड, एक नुकीला लोहे का सरिया, दो मोहरे, एक रस्सी का टुकड़ा और चार खाली प्लास्टिक कट्टे, बरामद किए गए। बताया गया कि गत 26 फरवरी को रबूपुरा थाना क्षेत्र में गौवंश बरामदगी के मामले में उत्तर प्रदेश गौवध निवारण अधिनियम 1955 के तहत मामला दर्ज किया गया था। गिरफ्तार सभी आरोपी इस मामले में वांछित चल रहे थे। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।















