धार्मिक मंच से कांग्रेस पर तीखा प्रहार, आरएसएस और मोदी सरकार की खुलकर सराहना
नरवाना/जींद (सच कहूँ/गुलशन चावला)। Narwana News: हरियाणा के कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने नरवाना के पंजाबी चौक स्थित गीता मंदिर में आयोजित 32वें वार्षिक उत्सव के मंच से विपक्ष, खासकर कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। धार्मिक कार्यक्रम में पहुंचे मंत्री का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और संस्था को पांच लाख रुपये की अनुदान राशि देने की घोषणा भी की। Narwana News
अपने संबोधन में बेदी ने कहा कि पिछली सरकारें “भगवे से डरती थीं” और भगवा पहनने वालों को आतंकवादी बताकर जेलों में डाला जाता था। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भगवा देखकर सरकारें ऐसे घबराती थीं, जैसे सांड के आगे लाल कपड़ा लहरा दिया जाए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि देश को ऐसा नेतृत्व मिला है जिसने न केवल श्रीराम मंदिर का निर्माण कराया, बल्कि भारतीय संस्कृति को वैश्विक स्तर पर सम्मान दिलाया। उन्होंने यह भी कहा कि जिस यूएई की धरती पर कभी हिंदू प्रतीकों के साथ जाना मुश्किल माना जाता था, वहां आज श्रीराम मंदिर बन रहा है।
बेटियों के मुद्दे पर बोलते हुए बेदी ने पूर्व सरकारों पर कन्या भ्रूण हत्या को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अब ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के माध्यम से बेटियों को सम्मान और अवसर मिल रहे हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का उल्लेख करते हुए उन्होंने इसे विचारधारा की जीत बताया।
आरएसएस पर टिप्पणी करते हुए मंत्री ने कहा कि जिन लोगों ने संगठन पर प्रतिबंध लगाने की कोशिश की, आज उनका नामलेवा भी नहीं बचा। उन्होंने कहा कि यह देश श्रीराम के संस्कारों और विचारों से चलता है, जिन्हें कोई समाप्त नहीं कर सकता। Narwana News
यह भी पढ़ें:– School Holidays: दो दिनों के लिए स्कूल-कॉलेज बंद, सरकार का फैसला, जानिये…















