कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: नगर के मोहल्ला सहदरियान में पत्रकार फारूक-ए-आज़म फरीदी के आवास “काशाना-ए- हाजी नईमुद्दीन” पर शबे क़द्र की मुबारक घड़ियों में तरावीह के दौरान कुरआन शरीफ़ की तकमील का आध्यात्मिक और भावपूर्ण दृश्य देखने को मिला। इस अवसर पर मोहल्ले के लोगों तथा दीन-धर्म में रुचि रखने वाले व्यक्तियों की बड़ी संख्या मौजूद रही। पूरी फिज़ा अल्लाह की याद और कुरआन की तिलावत से आध्यात्मिक वातावरण में डूबी रही। तरावीह में कारी हाफिज़ मोहम्मद रिज़वान ने अत्यंत मधुर और मनमोहक अंदाज़ में कुरआन शरीफ़ की तिलावत कर उपस्थित लोगों के दिलों को रोशन कर दिया। श्रोताओं ने बड़े आदर और एकाग्रता के साथ कलाम-ए-पाक को सुना। Kairana News
इस दौरान हाफिज़ मोहम्मद हाशिम बतौर सामे मौजूद रहे और कुरआनी आयतों की तिलावत से महफ़िल में आध्यात्मिकता का वातावरण बना रहा। कुरआन शरीफ़ की तकमील के बाद एक प्रभावशाली दुआइया कार्यक्रम आयोजित किया गया। जामा मस्जिद के इमाम व ख़तीब मौलाना मोहम्मद ताहिर ने भावुक अंदाज़ में दुआ कराई। उन्होंने नम आँखों के साथ अल्लाह तआला से मुल्क की सलामती, अमन-ओ-अमान और मुसलमानों के बीच आपसी एकता के लिए विशेष दुआ की। साथ ही, परेशानहाल और मुसीबत में घिरे लोगों के लिए भी दुआ मांगी तथा दुनिया के विभिन्न हिस्सों में जारी युद्ध और संघर्ष के समाप्त होने की प्रार्थना की। इससे पहले अपने संबोधन में मौलाना मोहम्मद याकूब ने कुरआन शरीफ़ की बरकत, पवित्रता और महानता पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि कुरआन मजीद अल्लाह तआला का वह पवित्र कलाम है जो क़यामत तक आने वाली समस्त मानवता के लिए मार्गदर्शन का स्रोत है।
उन्होंने कहा कि इस पवित्र ग्रंथ की तिलावत से दिलों को सुकून, घरों को बरकत और समाज को सुधार की राह मिलती है। कुरआन की महानता का अंदाज़ा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अल्लाह तआला ने स्वयं इसकी हिफाज़त की ज़िम्मेदारी ली है और इसके हर अक्षर पर अपार सवाब प्रदान किया जाता है। मौलाना मोहम्मद याकूब ने कहा कि मुसलमानों की सफलता और उन्नति इसी में है कि वे कुरआन को केवल तिलावत तक सीमित न रखें, बल्कि उसके संदेश को अपने जीवन का व्यवहारिक मार्गदर्शक बनाएं। जब तक मुसलमान कुरआन की शिक्षाओं को अपने आचरण और सामाजिक जीवन में लागू नहीं करेंगे, तब तक वास्तविक सफलता प्राप्त नहीं हो सकती। उन्होंने लोगों को नसीहत दी कि रमज़ान के पवित्र दिनों में कुरआन से अपना संबंध और अधिक मजबूत करें तथा तिलावत, चिंतन और अमल को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं। Kairana News
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने कुरआन शरीफ़ की तकमील पर अल्लाह तआला का शुक्र अदा किया और दुआ की कि यह बरकत भरी महफ़िल उसकी बारगाह में कबूल हो तथा सभी को कुरआन की शिक्षाओं पर अमल करने की तौफीक मिले। इस अवसर पर विशेष रूप से वार्ड सदस्य गुड्डू भाई, पत्रकार संगठन कैराना के संरक्षक महराब चौधरी, अल्ताफ चौधरी, डॉ. अज़मतुल्लाह खान, मौलाना मुंशाद, क़ारी फ़रीद फ़रीदी अमीनी, क़ारी नाज़िम, पत्रकार फारूक ए आज़म फ़रीदी, सलीम एडवोकेट, मोहम्मद अली राइन, डॉ. सलीम फ़ारूकी, फ़िरोज़ खान, मास्टर अतीक शाद, मुज़म्मिल अंसारी, अज़ीम फ़रीदी, वसीम फ़रीदी, हाजी अज़ीम फ़रीदी, भाई फ़रीद, भाई फ़रीद कस्सारी, आरिफ़ फ़रीदी, शुऐब फ़रीदी, हाजी शकील फ़रीदी, खलील फ़रीदी तथा मारूफ़ फ़रीदी सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें:– LPG Gas Cylinder News: गैस एजेंसी का सर्वर डाउन, एलपीजी सिलेंडर वितरण प्रभावित















