Afghan-Pak Airstrike: पाकिस्तान के हवाई हमलों से अफगानिस्तान ख़फ़ा, तालिबान ने लगाया ये बड़ा आरोप
Afghan-Pak Airstrike: काबुल। अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच सीमा क्षेत्र में एक बार फिर तनाव गहरा गया है। तालिबान के प्रवक्ता ज़बिहुल्लाह मुजाहिद ने आरोप लगाया है कि पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के कई प्रांतों में हवाई हमले किए, जिनमें महिलाओं और बच्चों सहित कई नागरिकों की मृत्यु हुई है। Pakistan Airstrikes
मुजाहिद के अनुसार ये हमले काबुल, कंधार, पक्तिया, पक्तिका तथा कुछ अन्य क्षेत्रों में किए गए। उन्होंने कहा कि कुछ स्थानों पर नागरिकों के घरों को निशाना बनाया गया, जबकि कुछ जगहों पर निर्जन इलाकों में भी बमबारी की गई। सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी संदेश में मुजाहिद ने इन घटनाओं की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि पवित्र रमजान के अंतिम दिनों और ईद-उल-फितर के निकट इस प्रकार की कार्रवाई मानवीय मूल्यों के विरुद्ध है। उन्होंने इसे अफगानिस्तान की संप्रभुता का उल्लंघन बताते हुए कहा कि इस हमले का उचित उत्तर दिया जाएगा।
तालिबान प्रवक्ता ने यह भी आरोप लगाया कि पाकिस्तानी सैन्य विमानों ने कंधार अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के समीप स्थित निजी एयरलाइन कंपनी कम एयर के ईंधन भंडार को निशाना बनाया, जिससे वहां आग लग गई। यह कंपनी नागरिक विमानों के साथ-साथ संयुक्त राष्ट्र के विमानों को भी ईंधन उपलब्ध कराती है। उन्होंने दावा किया कि पहले भी निजी व्यापारियों के ईंधन भंडार को नुकसान पहुंचाया गया था। Pakistan Airstrikes
कंधार प्रांत के शोराबक जिले में सीमा पर दोनों पक्षों के बीच मुठभेड़ हुई
इस बीच तालिबान के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता एनायतुल्लाह ख्वारजमी ने कहा कि हाल ही में कंधार प्रांत के शोराबक जिले में सीमा पर दोनों पक्षों के बीच मुठभेड़ हुई। उनके अनुसार तालिबान लड़ाकों ने एक पाकिस्तानी सैन्य चौकी पर कब्ज़ा करने के बाद उसे विस्फोटकों से नष्ट कर दिया। उन्होंने दावा किया कि इस संघर्ष में लगभग 30 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए। ख्वारजमी ने यह भी कहा कि तालिबान बलों ने पक्तिया प्रांत के डंड पाटन क्षेत्र में कई पाकिस्तानी चौकियों पर नियंत्रण स्थापित किया और कुछ अन्य सैन्य ठिकानों में भी प्रवेश किया।
बताया जा रहा है कि दोनों देशों के बीच यह ताजा तनाव फरवरी के अंतिम सप्ताह में शुरू हुआ, जब पाकिस्तान ने अपने क्षेत्र में सक्रिय आतंकवादी तत्वों को निशाना बनाने के उद्देश्य से अफगान क्षेत्र में कार्रवाई की थी। इसके बाद अफगान पक्ष की प्रतिक्रिया के रूप में सीमा क्षेत्रों में झड़पें बढ़ गईं। पाकिस्तान ने इन घटनाओं के बाद सीमा के कई हिस्सों में कथित गोलीबारी के जवाब में ‘ऑपरेशन ग़ज़ब-ए-हक’ शुरू करने की घोषणा की है। इस पूरे घटनाक्रम के बाद अफगानिस्तान-पाकिस्तान सीमा पर स्थिति बेहद संवेदनशील बनी हुई है। Pakistan Airstrikes