Punjab
NEET UG Exam: नीट-यूजी परीक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, 6 केंद्रों पर 2451 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
केंद्रों के बाहर धारा 163 लागू, 500 मीटर दायरे में फोटोस्टेट-कोचिंग सेंटर बंद
सरसा (सच कहूँ/सुनील वर्मा)। NEET UG Exam: राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) 2026 के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। 3 मई को आयोजित होने वाली परीक्षा के लिए जिले में छह परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 2451 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, प्रवेश व्यवस्था और प्रतिबंधित वस्तुओं को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) से समन्वयक प्रिंसिपल प्रदीप सिंह ने बताया कि परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए सभी केंद्रों पर समयबद्ध प्रवेश और सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू किए गए हैं। परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, ईयरफोन, माइक्रोफोन, पेजर, स्मार्ट वॉच सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
इसके अलावा लिखित या मुद्रित सामग्री, कैलकुलेटर, पेन ड्राइव, स्कैनर, बैग, पर्स, बेल्ट, कैमरा, आभूषण सहित अन्य प्रतिबंधित सामग्री भी परीक्षा केंद्रों में पूरी तरह निषिद्ध रहेगी। खाद्य सामग्री और पारदर्शी पानी की बोतल को छोड़कर अन्य कोई वस्तु अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले अभ्यर्थियों के खिलाफ अनुचित साधनों के उपयोग के तहत कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा के शांतिपूर्ण संचालन के लिए जिला प्रशासन ने सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 163 लागू कर दी है। इसके तहत परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर दायरे में हथियार लेकर चलने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा और बिना अधिकृत पहचान पत्र किसी भी व्यक्ति को केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों के 500 मीटर दायरे में फोटोस्टेट की दुकानों और कोचिंग सेंटरों का संचालन बंद रहेगा। 200 मीटर के भीतर वाहनों की पार्किंग पर भी रोक लगाई गई है, ताकि यातायात व्यवस्था बाधित न हो।
सुबह 11 बजे से शुरू होगी एंट्री, 1:30 बजे बंद होंगे गेट
परीक्षा के दिन 3 मई को सुबह 11 बजे से परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश शुरू होगा और दोपहर 1:30 बजे केंद्रों के गेट बंद कर दिए जाएंगे। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी, जबकि दिव्यांग अभ्यर्थियों को अतिरिक्त समय देते हुए उनकी परीक्षा शाम 6 बजे तक चलेगी। प्रवेश के समय अभ्यर्थियों को अपना एडमिट कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो और वैध फोटो पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। सभी दस्तावेजों की जांच के बाद ही परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया जाएगा। सरसा में राजकीय नेशनल कॉलेज सरसा, राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अनाज मंडी, राजकीय गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल नजदीक शाह सतनाम सिंह चौक, राजकीय कॉलेज फॉर वूमेन बरनाला रोड, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय नंबर एक एयरफोर्स स्टेशन सिरसा व पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय नंबर दो में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैै।
वाई-फाई, मोबाइल और लाउडस्पीकर पर भी रोक
प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों के आसपास किसी भी प्रकार के वाई-फाई उपकरण, मोबाइल फोन, अन्य संचार साधनों और इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स के उपयोग पर सख्त प्रतिबंध लगाया है। साथ ही लाउडस्पीकर बजाने पर भी रोक रहेगी, ताकि परीक्षार्थियों को परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की बाधा न हो। प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचें और सभी दिशा-निर्दशों का पालन करते हुए परीक्षा प्रक्रिया में सहयोग करें।
एडीसी ने लिया परीक्षा केंद्रों का जायजा
अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल ने 3 मई को आयोजित होने वाली नीट (यूजी) परीक्षा की तैयारियों को लेकर जिले के परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मेडिकल सुविधा, बिजली, पंखे, जैमर, पेयजल, शौचालय और साफ-सफाई सहित सभी मूलभूत व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अभ्यर्थियों की अलग-अलग लाइन लगवाकर बायोमैट्रिक जांच के बाद प्रवेश देने को कहा। इस दौरान डीएसपी आदर्शदीप सिंह, एनटीए समन्वयक प्रदीप सिंह व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।