Punjab
बुद्ध पूर्णिमा पर यमुना नदी पर स्नान को पहुंचे श्रद्धालु, लगाई आस्था की डुबकी
पुलिस-प्रशासन की मुस्तैदी के चलते सकुशल सम्पन्न हुआ यमुना स्नान
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Buddha Purnima: बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर यूपी-हरियाणा के श्रद्धालुओं ने यमुना नदी में आस्था की डुबकी लगाई। इस दौरान विशेष पूजा-अर्चना करके परिवार में सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की गई। शुक्रवार को बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धालु सुबह से ही यूपी-हरियाणा बॉर्डर पर स्थित यमुना नदी पर पहुंचने शुरू हो गए थे। दोनों प्रदेशों से सैंकड़ों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने आस्था के साथ में यमुना नदी में स्नान किया। उन्होंने किनारे पर बने यमुना मैय्या के मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना करते हुए परिवार में सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।
इस दौरान हरियाणा की ओर से श्रद्धालुओं की अधिक भीड़ देखने को मिली। वहीं, सुरक्षा के दृष्टिगत यमुना ब्रिज पुलिस चौकी प्रभारी एसआई अखिलेश कुमार पुलिस व पीएसी बल के साथ में पूरी तरह मुस्तैद नजर आए। किसी भी विषम परिस्थिति से निपटने के लिए नदी पर करीब आठ प्राइवेट गोताखोरों को भी तैनात किया गया था। पुलिस-प्रशासन की सजगता के चलते यमुना स्नान बिना किसी हादसे के सकुशल सम्पन्न हो गया। वहीं, चौकी प्रभारी ने बताया कि बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर सैंकड़ों श्रद्धालुओं ने यमुना नदी में स्नान किया है। स्नान शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हो गया है।