रात को चोर काटकर ले गए वाटर वर्कर्स के ट्यूबवेल की केबल

 800 घरों में पीने के पानी की किल्लत

Published On

जाखल (सच कहूँ/तरसेम सिंह)। Jakhal News: जाखल नगरपालिका क्षेत्र की बाजीगर बस्ती नायक बस्ती के 800 घरों को पीने का पानी सप्लाई देने वाले सरकारी मोटर पंप की केबल चोरी की वारदात को अंजाम दिया।  स्वास्थ्य केंद्र में लगे सरकारी ट्यूबवेल से गुरुवार रात चोर बिजली की मेन तार चुरा ले गए। इस कारण नायक बस्ती और दुर्गा कॉलोनी में पानी की सप्लाई पूरी तरह ठप हो गई। जिससे शुक्रवार सुबह लगभग 800 परिवारों के सामने पीने के पानी का गंभीर संकट खड़ा हो गया। लोग पब्लिक हेल्थ विभाग के कर्मचारियों से बार-बार फोन कर सप्लाई छोड़ने के बारे में पूछते रहे। इसके बाद कर्मचारियों ने तार चोरी होने के कारण सप्लाई बाधित होने की जानकारी दी। 

स्थानीय निवासियों गोल्डी, गुरमीत राम, सतपाल, राजेंद्र, मिठू, गोपी राम, जगमेल सिंह, गुरमेल सिंह और विक्की आदि ने बताया कि शुक्रवार सुबह जब पानी नहीं आया, तो उन्होंने ट्यूबवेल परिसर जाकर देखा। वहां मोटर को बिजली आपूर्ति करने वाली मुख्य तार कटी हुई और गायब मिली। पानी की आपूर्ति बाधित होने से इलाके में परेशानी खड़ी हो गई। लोगों ने कहा कि यह एक गंभीर समस्या है जिससे न केवल सरकारी संपत्ति का नुकसान होता है, बल्कि आम जनता को पानी की भारी किल्लत का सामना भी करना पड़ता है। ट्यूबवेल से तार चोरी होने की घटनाएं अक्सर रात के अंधेरे में होती हैं, जब बिजली कटी होती है। 

दिनचर्या हुई प्रभावित, लोगों की परेशानी बढ़ी

लोगों को नहाने, कपड़े धोने से लेकर घरेलू कार्यों में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई परिवार पानी के लिए इधर-उधर भटकने को मजबूर हो गए जबकि छोटे बच्चों वाले परिवारों की परेशानी गर्मी के मौसम में और बढ़ गई है।

मोटर को जल्द शुरू करवा रहे हैं: जेई मुख्तयार सिंह

इस मामले में जन स्वास्थ्य विभाग के जेई मुख्तयार सिंह ने बताया कि उन्हें घटना की सूचना मिल गई है। कर्मचारियों को मौके पर भेज दिया गया और मोटर को शुरू करवाने का काम करवा रहे हैं। जल्द ही लोगों को पानी उपलब्ध करा दिया जाएगा।

About The Author

Related Posts