Punjab
ब्लैकमेल कर रही महिला की ईंट मारकर कर हत्या
सब्जी मंडी बल्लभगढ़ में मिली थी महिला की डेड बॉडी
फरीदाबाद (सच कहूँ/सागर दहिया)। Faridabad Crime News; फरीदाबाद क्राइम ब्रांच ने एक ब्लाइंड मर्डर को सुलझाने का दावा करते हुए हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि मृतक महिला आरोपी को ब्लैकमेल कर रही थी, इसी के चलते आरोपी ने महिला की ईट से मार मार कर हत्या कर दी।
22 अप्रैल को डायल 112 से पुलिस चौकी बल्लभगढ़ में सूचना मिली कि आर्दश सब्जी मंडी बल्लभगढ में एक महिला की डेड बॉडी मिली है। जिस संबंध में गौरव (फल विक्रेता) की दरखास्त पर नामालुम मृतका के संबंध में पुलिस द्वारा सिविल अस्पताल फरीदाबाद में पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की मृत्यु आंतरिक चोटें लगने के कारण बताई गई। जिस पर थाना शहर बल्लभगढ़ में हत्या की धारा में मामला दर्ज किया गया। पुलिस चौकी बल्लभगढ़ की टीम ने महिला की पहचान बारे इश्तेहार जारी कराए तथा आसपास के क्षेत्र में महिला के बारे पूछताछ की गई। अपराध शाखा डीएलएफ के प्रयास से महिला की पहचान फिरोजा उर्फ आरती उर्फ कल्लो, उम्र-44-45 वर्ष, वासी पश्चिम बंगाल के रुप में हुई।
जिसने वर्ष 2000 में मुकेश निवासी खुर्जा बुलंदशहर के साथ कोर्ट मैरिज की थी। शादी के बाद से ही मृतका का परिवार करीब 25 साल से फरीदाबाद में रह रहा था। वह लगभग 13-14 सालों से अपने परिवार से अलग रहती थी और कभी-कभार ही घर आती थी। सहायक पुलिस आयुक्त वरुण कुमार दहिया ने बताया कि अपराध शाखा डी एल एफ की टीम ने तकनीकी सहायता व गुप्त सूत्रों की सूचना पर 1 मई को बीरू गिरफ्तार किया। वह सेक्टर 24 स्थित एक प्राईवेट कंपनी में काम करता है। पूछताछ में सामने आया कि वह मूलरुप से रेवाड़ी का निवासी है और पिछले 35 सालों से फरीदाबाद में रह रहा है। करीब 13-14 साल पहले मृतका फिरोजा उर्फ आरती उर्फ कल्लो आरोपी बीरू के भाई सन्नी के पास रहती थी।
तभी से उसकी जानकारी है। 4 साल पहले सन्नी की मृत्यु हो गई थी। फिरोजा उर्फ आरती उर्फ कल्लो बस स्टेंड बल्लभगढ़ व आसपास के क्षेत्र में घुमती रहती थी। आरोपित की पत्नी 4 साल पहले ही उसको छोड़ कर जा चुकी है। फिरोजा के साथ आरोपी बीरू की जानकारी थी, इसके चलते वो आरोपी से बार-बार पैसे की डिमांड करती थी और पैसे की डिमांड पूरी ना करने पर पुलिस में शिकायत करने के लिए धमकी देती थी। 21 अप्रैल को रात के समय आरोपी बीरू बस स्टैंड बल्लभगढ़ पर आया था, जहां पर उसको फिरोजा मिली थी। जहां पर दोनों ने शराब पी और नशा होने के बाद झगड़ा हो गया और वह आरोपी को धमकी देने लगी कि पुलिस में फंसवा दूंगी, जिस डर से आरोपी बीरू ने वहीं पास में पड़ी र्इंट को उठाकर फिरोजा को सिर, छाती व पेट व अन्य जगहों पर कई वार किये, जिससे उसकी मृत्यु हो गई ।
आरोपी बीरू का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उस पर चार मामले दर्ज है। वह करीब 2 महीने पहले ही एनडीपीएस के एक मामले में जेल से बाहर आया है।