PM Kisan Yojana: देश के अन्नदाता अब पीएम किसान योजना का पूरा कार्यक्रम क्यूआर कोड से देख सकेंगे
नई दिल्ली। देश के किसानों के लिए केंद्र सरकार की प्रमुख योजनाओं में से एक प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत शुक्रवार को बड़ी आर्थिक सहायता जारी की जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस योजना की 22वीं किस्त किसानों के बैंक खातों में सीधे हस्तांतरित करेंगे। PM Kisan Yojana
कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय ने इस कार्यक्रम को लेकर जानकारी साझा करते हुए बताया कि किसान इसे ऑनलाइन माध्यम से भी देख सकेंगे। इसके लिए मंत्रालय ने सोशल मीडिया मंच पर कार्यक्रम का लाइव लिंक और क्यूआर कोड उपलब्ध कराया है, ताकि देशभर के किसान आसानी से कार्यक्रम से जुड़ सकें। योजना के अंतर्गत पात्र किसानों को प्रत्येक किस्त में दो हजार रुपये की सहायता राशि दी जाती है। यह धनराशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाती है, जिससे खेती से जुड़ी आवश्यकताओं को पूरा करने में उन्हें मदद मिल सके।
मुख्य कार्यक्रम असम की राजधानी गुवाहाटी के खानापारा क्षेत्र में आयोजित किया जा रहा है
इस बार किस्त जारी करने का मुख्य कार्यक्रम असम की राजधानी गुवाहाटी के खानापारा क्षेत्र में आयोजित किया जा रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री शाम लगभग पांच बजे देशभर के किसानों के खातों में यह राशि स्थानांतरित करेंगे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान प्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी भी शामिल होंगे। PM Kisan Yojana
सरकारी आंकड़ों के अनुसार इस बार लगभग 9.32 करोड़ किसानों को इस योजना का लाभ मिलेगा। इसके लिए केंद्र सरकार करीब 18,640 करोड़ रुपये की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजेगी। इस योजना में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) प्रणाली का उपयोग किया जाता है, जिसके माध्यम से लाभार्थियों को पैसा सीधे खाते में मिलता है। इससे पारदर्शिता बनी रहती है और किसी प्रकार के बिचौलियों की भूमिका समाप्त हो जाती है।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का उद्देश्य छोटे और सीमांत किसानों को आर्थिक सहयोग प्रदान करना है। खेती के दौरान बीज, उर्वरक, दवाइयों तथा अन्य कृषि कार्यों के लिए किसानों को अतिरिक्त संसाधनों की आवश्यकता होती है। ऐसे में सरकार द्वारा दी जाने वाली यह सहायता राशि उनके लिए महत्वपूर्ण सहारा बनती है। PM Kisan Yojana