पूर्व विधायक लक्ष्मण नापा की ‘घर वापसी’, उकलाना में बीजेपी ज्वाइन
पूर्व विधायक लक्ष्मण नापा फिर बीजेपी में शामिल
रतिया ((सच कहूँ/तरसेम सैनी)। रतिया विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक लक्ष्मण नापा ने करीब सात महीने बाद भारतीय जनता पार्टी में वापसी कर ली। उन्होंने हिसार जिले के उकलाना में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मोहनलाल बड़ोली और भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण जोड़ा की मौजूदगी में कांग्रेस छोड़कर पुनः बीजेपी का दामन थामा। गौरतलब है कि अक्टूबर 2024 में टिकट कटने से नाराज होकर लक्ष्मण नापा ने बीजेपी छोड़ कांग्रेस ज्वाइन कर ली थी। इस दौरान वे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के खेमे में सक्रिय रहे, हालांकि चुनाव के बाद उनकी कांग्रेस में सक्रियता कम हो गई थी।
राजनीतिक सफर पर नजर डालें तो साल 2019 में रतिया विधानसभा क्षेत्र से पहली बार बीजेपी को जीत दिलाने का श्रेय भी लक्ष्मण नापा को ही जाता है। उस चुनाव में उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी जरनैल सिंह को 1,216 वोटों से हराया था। लक्ष्मण नापा को 55,160 वोट मिले थे, जबकि जरनैल सिंह को 53,944 वोट प्राप्त हुए थे। लक्ष्मण नापा की इस ‘घर वापसी’ को क्षेत्र की राजनीति में महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।