विधायक प्रतिनिधि अमरनाथ पाल ने शोकग्रस्त परिवारों से मिलकर जताई संवेदना
पुलिस और गोताखोरों की टीम ने लगातार तलाश अभियान चलाया
।(सच कहूं/कोमल प्रजापति) क्षेत्र में हाल ही में हुई दो दर्दनाक घटनाओं के बाद मीरापुर विधायक मिथलेश पाल के प्रतिनिधि एवं रालोद के वरिष्ठ नेता अमरनाथ पाल ने पीड़ित परिवारों के घर पहुंचकर गहरा दुख व्यक्त किया और उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिया।
पहली घटना मीरापुर कस्बे के सब्जी व्यापारी पंकज खुराना से जुड़ी है। बताया गया कि वह सत्संग में शामिल होने के लिए मोपेड से जा रहे थे। कुतुबपुर नहर के समीप अचानक मोपेड का संतुलन बिगड़ने से वह नहर में जा गिरे। घटना के बाद पुलिस और गोताखोरों की टीम ने लगातार तलाश अभियान चलाया। करीब दो दिन बाद उनका शव गंग नहर से बरामद किया गया। इस हादसे से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
दूसरी दुखद घटना ग्राम सम्भलहेडा निवासी सोहनवीर पुत्र ऋषिपाल के साथ हुई। जानकारी के अनुसार 28 अप्रैल की सुबह वह किसी कार्य से जानसठ जा रहे थे। इसी दौरान सलारपुर के पास हुए सड़क हादसे में उनकी दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना से गांव में मातम पसरा हुआ है।
दोनों घटनाओं की सूचना मिलने पर विधायक प्रतिनिधि अमरनाथ पाल शोक संतप्त परिवारों के बीच पहुंचे। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि इस कठिन समय में वे उनके साथ खड़े हैं। उन्होंने प्रशासन और शासन स्तर पर प्रयास कर दोनों परिवारों को यथासंभव आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन भी दिया।
इस मौके पर डॉ. मनोज पाल, रवि शर्मा और रूप सिंह प्रजापति भी मौजूद रहे। उन्होंने भी परिजनों को सांत्वना देते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।