प्रसिद्ध समाजसेवी नसीर अहमद झिंझानवी अलवी का निधन, साहित्यिक व सामाजिक जगत में शोक की लहर
पुरानी दिल्ली के समाजसेवी नसीर अहमद अलवी का निधन
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: उपमहाद्वीप की समृद्ध साहित्यिक परंपरा से जुड़े परिवार के सदस्य, प्रसिद्ध साहित्यकार मुज़फ्फर रज़मी कैरानवी और जावेद मुशीरी के उस्ताद मुशीर झिंझानवी रहमतुल्लाह अलैह के छोटे पुत्र एवं जाने-माने समाजसेवी नसीर अहमद झिंझानवी अलवी(पुत्तन भाई) का निधन हो गया। उनके इंतकाल की खबर से साहित्यिक, सामाजिक और धार्मिक क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई है। वह काफी लंबे समय से पुरानी दिल्ली में निवास कर रहे थे। वह अपनी सादगी, मिलनसार स्वभाव और समाजसेवा के जज़्बे के कारण क्षेत्र में काफी लोकप्रिय थे। स्थानीय लोग उनका अत्यंत सम्मान करते थे और वह चुपचाप समाज के कल्याण हेतु निरंतर कार्य करते रहते थे।
प्रसिद्ध लेखक, शायर और पत्रकार जावेद मुशीरी ने गहरे दुख के साथ उनके निधन की जानकारी देते हुए कहा कि नसीर अहमद अलवी अत्यंत नेक, धर्मपरायण और नियमित इबादत करने वाले व्यक्ति थे। उन्होंने भावुक होकर बताया कि उनके उस्ताद मुशीर झिंझानवी कभी भी उनका और नसीर अहमद का आपस में तुलना नहीं करते थे। जावेद मुशीरी के अनुसार, दिवंगत का व्यक्तित्व एक ऐसे छायादार वृक्ष के समान था, जिसकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाती रहेगी। नसीर अहमद झिंझानवी अलवी के निधन पर जहां सामाजिक और राजनीतिक जगत में शोक व्याप्त है, वहीं साहित्यिक और धार्मिक समुदाय भी गमगीन है। कैराना के प्रमुख साहित्यकार कौसर ज़ैदी कैरानवी, अंसार सिद्दीकी, अतीक शाद, डॉ. अज़मतुल्ला खान, मोहम्मद यूसुफ त्यागी, डॉ. सलीम फारूकी, शेर खान साहिल और डॉ. आरिफ खान क़मर ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत की मगफिरत और परिजनों के लिए सब्र की दुआ की है।