जिले के सभी होटल-बैंक्वेट हॉल प्रबंधक निर्देशों का सख्ती से पालन करें: राजकरण नैय्यर
यातायात व्यवस्था सुधार को लेकर पुलिस और होटल/बैंक्वेट संचालकों की गोष्ठी, सख्त दिशा-निर्देश जारी
गाजियाबाद (सच कहूँ /रविंद्र सिंह)। Ghaziabad News: राजधानी दिल्ली से सटे हॉट सिटी में शहर गाजियाबाद में यातायात व्यवस्था को और अधिक अधिक सुदृढ़ और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से बैंक्वेट हॉल एवं होटल प्रबंधकों के साथ यातायात पुलिस द्वारा एक महत्वपूर्ण गोष्ठी का आयोजन किया गया। यह बैठक पुलिस आयुक्त जे. रविंदर गौड़ के निर्देशों के क्रम में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था/यातायात) राजकरण नैय्यर की अध्यक्षता में पुलिस लाइंस स्थित परमजीत हॉल में संपन्न हुई।
गोष्ठी में पुलिस उपायुक्त (यातायात) त्रिगुण बिसेन, अपर पुलिस उपायुक्त (यातायात) , सभी सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात) , यातायात निरीक्षकगण तथा लगभग 90 बैंक्वेट हॉल एवं होटल प्रबंधक/संचालक उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य विवाह समारोहों एवं बड़े आयोजनों के दौरान उत्पन्न होने वाली यातायात समस्याओं को कम करने के लिए समन्वित व्यवस्था सुनिश्चित करना रहा।
बड़े आयोजन से पूर्व सूचना देना अनिवार्य
यातायात पुलिस ने स्पष्ट निर्देश दिए कि ऐसे सभी आयोजन, जिनसे यातायात प्रभावित होने की संभावना हो, उनकी सूचना कम से कम दो दिन पूर्व निर्धारित प्रारूप में पुलिस को देना अनिवार्य होगा। यह सूचना ई-मेल तथा यातायात नियंत्रण कक्ष के मोबाइल नंबर पर भेजनी होगी, ताकि आवश्यक ट्रैफिक प्रबंधन किया जा सके।
प्राइवेट मार्शल ,सीसीटीवी और पार्किंग व्यवस्था पर जोर
बैठक में निर्देश दिए गए कि प्रत्येक बैंक्वेट हॉल/होटल अपने स्तर से प्रशिक्षित प्राइवेट मार्शल तैनात करें, जो पार्किंग व्यवस्था और वाहन आवागमन को नियंत्रित करने में सहयोग करेंगे। साथ ही, आयोजन स्थल की पार्किंग क्षमता के अनुरूप ही कार्यक्रम आयोजित करने और सीसीटीवी से लैस करने की अपील की गई।पुलिस ने सभी प्रतिष्ठानों को निर्देशित किया कि वे अपने परिसर में पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे स्थापित करें। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी कैमरे सुचारू रूप से कार्य कर रहे हों, उनकी रिकार्डिंग स्पष्ट हो तथा दिनांक एवं समय सही प्रदर्शित हो।
घुड़चढ़ी और सड़क अवरोध पर रोक
गोष्ठी में यह भी स्पष्ट किया गया कि किसी भी स्थिति में सड़क पर घुड़चढ़ी या अन्य आयोजन नहीं किए जाएंगे, क्योंकि इससे यातायात व्यवस्था बाधित होती है और आमजन को असुविधा का सामना करना पड़ता है।
चेतावनी: लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
यातायात पुलिस के अधिकारियों ने सख्त चेतावनी दी कि यातायात व्यवस्था को प्रभावित करने वाले आयोजनों में लापरवाही बरतने पर संबंधित प्रबंधकों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी संचालकों से पुलिस प्रशासन के साथ पूर्ण सहयोग की अपील की गई। अंत में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राजकरण नैय्यर ने सभी प्रबंधकों को निर्देशों का सख्ती से पालन करने और भविष्य में बेहतर समन्वय बनाए रखने की अपील की।