Road Accident: अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत, गांव में शोक की लहर

ग्राम सम्भलहेड़ा में एक युवक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत

Published On

मीरापुर (सच कहूं/कोमल प्रजापति)। Miranpur News: थाना क्षेत्र के ग्राम सम्भलहेड़ा निवासी एक युवक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। घटना मंगलवार सुबह की है, जब युवक किसी काम से मोटरसाइकिल द्वारा जानसठ जा रहा था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सम्भलहेड़ा के मोहल्ला महमूदपुर निवासी ऋषिपाल का पुत्र सोहनवीर मंगलवार सुबह करीब 5 बजे घर से जानसठ के लिए निकला था। जैसे ही वह तालडा मोड़ स्थित ऐरन धर्म कांटे के पास पहुंचा, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उसकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सोहनवीर गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा, जबकि वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही जानसठ पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जानसठ में भर्ती कराया। पुलिस ने परिजनों को भी घटना की जानकारी दी। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद युवक की हालत चिंताजनक देखते हुए चिकित्सकों ने उसे मेरठ रेफर कर दिया।

परिजन गंभीर हालत में सोहनवीर को लेकर मेरठ स्थित सुभारती मेडिकल कॉलेज अस्पताल के लिए रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

बताया जा रहा है कि परिजनों ने बिना किसी कानूनी कार्रवाई के ही युवक का अंतिम संस्कार कर दिया। वहीं, घटना के बाद से अज्ञात वाहन चालक की तलाश जारी है।

जैसे ही मृतक का शव गांव पहुंचा, परिवार में मातम छा गया और हर आंख नम नजर आई। युवक की असमय मौत से गांव के लोग भी गहरे सदमे में हैं।

About The Author

Related Posts