हमसे जुड़े

Follow us

32 C
Chandigarh
Saturday, March 14, 2026
More
    Home राज्य राजस्थान खाटू श्याम से...

    खाटू श्याम से लौटे परिवार के घर में चोरी, नकदी व सोने-चांदी के गहने ले उड़े चोर

    Hanumangarh News
    सांकेतिक फोटो

    सीसीटीवी में दिखा संदिग्ध युवक

    हनुमानगढ़। जंक्शन शहर के गांधीनगर क्षेत्र में एक मकान में चोरी का मामला सामने आया है। परिवार के खाटू श्याम से लौटने पर घर का ताला टूटा मिला। चोर नकदी व सोने-चांदी के गहने लेकर फरार हो गए। जंक्शन थाना पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार वार्ड 16, गांधीनगर निवासी प्रेमचंद (55) पुत्र सुरजाराम मेघवाल ने रिपोर्ट दी कि 10 मार्च को वह अपने परिवार के साथ खाटू श्याम दर्शन के लिए गया था। 11 मार्च को रात करीब 2.40 बजे जब वह परिवार सहित वापस घर पहुंचा तो मकान के गेट पर लगा ताला टूटा हुआ मिला।

    पुलिस ने नामजद मामला दर्ज कर शुरू की जांच

    इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति घर के अंदर घुसा हुआ था, जिसने अंदर से कुंडी लगा रखी थी, जबकि उसका एक साथी गली में घूम रहा था। प्रेमचंद ने बताया कि जैसे ही उन्होंने गेट खोलने की कोशिश की तो आरोपी घर के अंदर से 25 हजार रुपए नकद, करीब 5 ग्राम वजन की सोने की अंगूठी, 200 ग्राम वजन की चांदी की पायजेब और 200 ग्राम का चांदी का कड़ा चोरी कर सीढ़ियों के रास्ते पड़ोसी घरों की छतों से होते हुए अपने साथी के साथ फरार हो गया। उन्होंने आरोपियों का पीछा भी किया, लेकिन वे अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। घटना की सूचना तुरंत जंक्शन थाना पुलिस को दी गई, जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची।

    बाद में घर की जांच करने पर चोरी हुए गहने और नकदी गायब मिले। पड़ोस में रहने वाली पूर्व पार्षद नगीना बाई के मकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया है, जिसकी पहचान भट्टा कॉलोनी निवासी अमन उर्फ ज्ञानी के रूप में बताई जा रही है। पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई पलटूदास को सौंपी गई है। Hanumangarh News

    डेयरी दुकान से 30 हजार रुपए चोरी, दो युवकों पर आरोप

    हनुमानगढ़। जंक्शन के ढिल्लों कॉलोनी क्षेत्र में स्थित एक डेयरी दुकान से 30 हजार रुपए नकदी चोरी होने का मामला सामने आया है। जंक्शन थाना पुलिस ने दुकानदार की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार वार्ड 19, ढिल्लों कॉलोनी निवासी अजय पुत्र विमल बंगाली ने रिपोर्ट दी कि वह गणेश मंदिर के पास कल्पना दुग्ध डेयरी नाम से डेयरी दुकान संचालित करता है। 11 मार्च को रात करीब 9.30 बजे वह किसी काम से दुकान से बाहर चला गया था और उसकी पत्नी हनीमा दुकान पर मौजूद थी।

    पानी मांगकर दुकानदार की पत्नी को उलझाया, काउंटर के गल्ले से नकदी लेकर फरार

    इसी दौरान ढिल्लों कॉलोनी निवासी बाबू और विक्की नामक दो युवक दुकान पर आए। रिपोर्ट के अनुसार विक्की दही लेने लगा, जबकि बाबू ने दुकानदार की पत्नी से पानी मांगा। जब हनीमा दही देने और पानी पिलाने में व्यस्त हो गई तो दोनों युवकों ने मौका पाकर काउंटर के गल्ले में रखे करीब 30 हजार रुपए निकाल लिए और वहां से फरार हो गए। कुछ देर बाद नकदी गायब होने का पता चलने पर हनीमा ने अपने पति अजय को इसकी जानकारी दी। परिवादी ने बताया कि दोनों आरोपी बदमाश और नशेड़ी प्रवृत्ति के हैं तथा पहले भी चोरी जैसी वारदातों में शामिल रहे हैं। पुलिस ने अजय की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई पलटूदास को सौंपी गई है। Hanumangarh News