भिवानी (सच कहूँ/इंद्रवेश)। Bhiwani News: भिवानी में सोमवार को आशा वर्करों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। लघु सचिवालय के सामने सैकड़ों की संख्या में पहुंची आशा वर्करों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को जल्द पूरा करने की मांग उठाई। दरअसल, आशा वर्कर लंबे समय से 1500 महंताना बढ़ाने, नौकरी को पक्का करने और अन्य सुविधाएं देने की मांग कर रही हैं। प्रदर्शन के दौरान आशा वर्करों ने बताया कि वर्ष 2025 में सरकार के साथ हुआ समझौता अभी तक लागू नहीं किया गया है, जिससे उनमें भारी रोष है। आशा वर्कर जिला उपप्रधान दर्शना ने कहा कि सरकार ने हमसे समझौता किया था, लेकिन आज तक उसे लागू नहीं किया गया। 2023 की हड़ताल के दौरान काटे गए पैसे भी वापस नहीं किए गए हैं, जो हमारे साथ अन्याय है।
आशा वर्करों ने अपनी प्रमुख मांगों में रिटायरमेंट उम्र 65 वर्ष करने, 30,000 मासिक वेतन देने और 2023 की हड़ताल के दौरान काटे गए वेतन को वापस करने की मांग भी उठाई। अगर हमारी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो आने वाले समय में हम पूरे प्रदेश में बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे। आशा वर्कर उपप्रधान ने कहा कि प्रदेशभर में 20,000 से अधिक आशा वर्कर अपनी समस्याओं को लेकर जूझ रही हैं, जबकि अकेले भिवानी जिले में ही 800 से ज्यादा आशा वर्कर इस प्रदर्शन में शामिल हुईं। फिलहाल, आशा वर्करों ने सरकार को चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द फैसला नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। अब देखना होगा कि सरकार इस पर क्या कदम उठाती है। Bhiwani News
यह भी पढ़ें:– वेल्डिंग की चिंगारी ने फूंके फर्नीचर के चार गोदाम















