शहीद अग्निशमन कर्मियों को श्रद्धांजलि, गाजियाबाद में शुरू हुआ अग्निशमन सेवा सुरक्षा सप्ताह
- भीषण अग्निकाण्ड में प्राण न्योछावर करने वाले 66 अग्निशमन कर्मियों की स्मृति में फायर स्टेशन वैशाली में अग्निशमन सेवा स्मृति दिवस परेड
- दिवंगत अग्निवीरों को श्रद्धांजलि अर्पित कर दो मिनट का मौन रखा
गाजियाबाद (सच कहूं/रविन्द्र सिंह)। Ghaziabad News: मुम्बई बन्दरगाह पर 14 अप्रैल 1944 को घटित भीषण अग्निकाण्ड में प्राण न्योछावर करने वाले 66 अग्निशमन कर्मियों की स्मृति में सोमवार को फायर स्टेशन वैशाली में अग्निशमन सेवा स्मृति दिवस परेड का आयोजन किया गया। दिवंगत अग्निवीरों को श्रद्धांजलि अर्पित कर दो मिनट का मौन रखा गया। Ghaziabad News
इस अवसर पर सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं संभ्रांत नागरिकों को पिन फ्लैग लगाकर सम्मानित किया गया। इसी दिन से एक सप्ताह तक अग्निशमन सेवा सुरक्षा सप्ताह मनाया जाएगा, जिसके तहत शहरभर में जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
हरी झंडी दिखाकर रैली रवाना | Ghaziabad News
सुरक्षा सप्ताह की शुरुआत में फायर स्टेशन वैशाली से अग्निशमन वाहनों की जागरूकता रैली को अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मुख्यालय कमिश्नरेट गाजियाबाद केशव कुमार चौधरी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली वैशाली से डाबर तिराहा, मोहन नगर, मेरठ तिराहा, हापुड़ मोड़, कचहरी, हापुड़ चुंगी, पुराना बस अड्डा, संजय नगर और राजनगर एक्सटेंशन समेत प्रमुख क्षेत्रों से गुजरकर लोगों को आग से बचाव के प्रति जागरूक करेगी।
आधुनिक उपकरणों की प्रदर्शनी, मॉक ड्रिल का आयोजन
फायर स्टेशन वैशाली परिसर में अग्निशमन एवं रेस्क्यू कार्यों के लिए उपयोग होने वाले आधुनिक उपकरणों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं, होटल, अस्पताल और अन्य प्रतिष्ठानों के कर्मियों ने उपकरणों की कार्यप्रणाली को समझा और आपात स्थिति में बचाव की जानकारी ली। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि 14 अप्रैल से एक सप्ताह तक बहुमंजिला भवनों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, स्कूलों, होटलों एवं अस्पतालों में मॉक ड्रिल और इवेक्यूएशन ड्रिल का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के माध्यम से आग लगने की स्थिति में सुरक्षित निकासी और बचाव के उपायों की जानकारी दी जाएगी।

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद | Ghaziabad News
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त केशव कुमार चौधरी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल, अग्निशमन अधिकारी कोतवाली शेष नाथ यादव, प्रभारी अधिकारी फायर स्टेशन वैशाली मूलचंद सिंह, प्रभारी अधिकारी फायर स्टेशन साहिबाबाद गगन कुमार सहित स्कूल, होटल एवं अस्पतालों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
क्यों मनाया जाता है अग्निशमन सेवा स्मृति दिवस
14 अप्रैल 1944 को मुम्बई बंदरगाह पर हुए भीषण अग्निकांड में 66 अग्निशमन कर्मियों ने कर्तव्य पालन करते हुए अपने प्राण गंवाए थे। उनकी शहादत की स्मृति में हर वर्ष 14 अप्रैल को अग्निशमन सेवा स्मृति दिवस और उसके बाद एक सप्ताह तक अग्निशमन सेवा सुरक्षा सप्ताह मनाया जाता है।















