एक ही परिवार के कई लोगों पर मारपीट का मामला दर्ज
Rajasthan Crime: हनुमानगढ़। जंक्शन शहर के भट्ठा बस्ती क्षेत्र में शादी से पहले चल रहे पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गली में हुए झगड़े में एक व्यक्ति के सिर पर रॉड से वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले में जंक्शन थाना पुलिस ने कई नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार वार्ड नंबर 12, भट्ठा बस्ती निवासी विजय कुमार (44) पुत्र श्रवण कुमार भाट ने राजकीय चिकित्सालय के ट्रोमा सेंटर में पुलिस को दिए पर्चा बयान में बताया कि 12 अप्रैल की सुबह करीब 10.30 बजे वह अपनी माता सावित्री देवी के साथ गली में अपने मामा राजू भाट के घर जा रहा था। Hanumangarh News
विजय कुमार ने बताया कि उसके मामा राजू भाट के बेटे पंकज की शादी तीन दिन बाद होने वाली है और इसी कारण उनके घर पर मेहमानों की भीड़ थी। इसी दौरान गली में खड़े अमरजीत पुत्र रामचंद्र ने उस पर अचानक लोहे की रॉड से सिर पर वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि इसके बाद राजू पुत्र मदनलाल भाट, उसका पुत्र पंकज, नीरज, अमरजीत, कांता, मैना, अरुण, मुरली, लालचंद, रजनी, सुनीता, सावित्री, निपेन, अंजू, किरण देवी सहित 4-5 अन्य लोगों ने मिलकर उससे, उसकी मां सावित्री देवी तथा उसके बेटों चेतन्य और जयसिंह के साथ मारपीट की। बताया गया कि यह विवाद शादी से जुड़े पुराने मनमुटाव और गली में सजावट/व्यवस्था को लेकर शुरू हुआ, जिसने देखते ही देखते झगड़े का रूप ले लिया।
पीड़ित ने यह भी बताया कि परिवार के भीतर रिश्तेदारी को लेकर पहले से रंजिश चल रही थी, विशेषकर उसकी नानी शांति देवी को शादी में बुलाने को लेकर विवाद था। हमले में विजय कुमार के सिर पर गंभीर चोट आई, जिसके बाद उसे तुरंत ट्रोमा सेंटर में भर्ती कराया गया। चिकित्सकीय जांच में सिर पर चोट के साथ अन्य स्थानों पर भी चोटें पाई गई हैं। पुलिस ने पर्चा बयान के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक गजेन्द्र शर्मा को सौंपी गई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है तथा सभी आरोपियों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है। Hanumangarh News















