भट्ठी से निकली चिंगारी बनी कारण, दमकल ने मौके पर पहुंचकर पाया काबू
Rania Bakery Fire: रानियां (सच कहूँ/राजेंद्र गाबा)। नगर के दीप पैलेस के नजदीक स्थित एक बेकरी में सोमवार देर रात आग लगने से हजारों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। घटना की जानकारी मंगलवार सुबह आसपास के लोगों ने बेकरी मालिक को दी, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बेकरी संचालक सुरेंद्र कुमार ने बताया कि बेकरी के साथ लगी दुकान में भट्ठी लगाई हुई थी, जिसमें बेकरी का सामान तैयार किया जाता है। Sirsa News
आशंका है कि भट्ठी से निकली चिंगारी के कारण ही आग लगी। आग की चपेट में आकर करीब 20 क्विंटल लकड़ियां, आटा, मैदा, चीनी, घी व अन्य सामान जलकर राख हो गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों ने तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचित किया। मौके पर पहुंची दमकल की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया। बेकरी संचालक के अनुसार इस आगजनी में उसे हजारों रुपये का नुकसान हुआ है। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ देर के लिए हड़कंप का माहौल बना रहा। Sirsa News
रानियां में भूसे में लगी आग, चार एकड़ फसल का अवशेष जलकर राख
रानियां। नगर की अनाज मंडी के नजदीक मंगलवार सुबह खेतों में रखे गेहूं (कनक) के भूसे में आग लगने से करीब चार एकड़ क्षेत्र में रखा भूसा जलकर राख हो गया। आग लगने की घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार सरबजीत पुत्र प्रकाश सिंह के खेत में रखे भूसे में अचानक आग लग गई। आग तेजी से फैलने लगी, जिससे आसपास के खेतों में भी नुकसान का खतरा पैदा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
दमकल कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और आग को आसपास के खेतों में फैलने से रोक लिया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया। अग्निशमन विभाग रानियां के अधिकारी श्याम सुंदर ने बताया कि इन दिनों गेहूं सीजन के चलते आग लगने की घटनाएं बढ़ रही हैं। साथ ही कच्चे कर्मचारियों की हड़ताल के कारण विभाग में स्टाफ की कमी बनी हुई है। ऐसे में हरियाणा रोडवेज और होमगार्ड के कर्मचारियों की मदद से कार्य चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्टाफ की कमी के बावजूद टीम पूरी तत्परता से काम कर रही है, लेकिन हड़ताल के चलते कई बार दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।















