वायरल वीडियो में फायरिंग जैसे संकेत, पुलिस ने साइबर सेल की मदद से पकड़ा
लुधियाना (सच कहूँ/सुरिंदर शर्मा)। Viral Video News: सोशल मीडिया पर प्रसिद्धि पाने की चाह एक युवक को भारी पड़ गई, जब उसके द्वारा बनाई गई भड़काऊ और आपत्तिजनक वीडियो ने उसे सीधे पुलिस की गिरफ्त में पहुंचा दिया। मामला थाना डेहलों के बाहर बनाई गई एक रील से जुड़ा है, जिसमें नफरत भरी भाषा और आपराधिक संकेत दिए गए थे। वायरल हुई इस वीडियो में युवक थाने के बाहर खड़ा होकर रील बनाता नजर आ रहा था।
वीडियो के पीछे आवाज सुनाई दे रही थी- ‘थाने के बाहर गाड़ी स्टार्ट रखना, दो लोग अंदर जाएंगे और फायरिंग करेंगे।’ इस तरह के शब्दों को न केवल डर फैलाने वाला माना गया, बल्कि कानून-व्यवस्था के लिए भी गंभीर खतरा समझा गया। वीडियो वायरल होते ही थाना डेहलों पुलिस सक्रिय हो गई। साइबर सेल की मदद से युवक की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और उससे पूछताछ जारी है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट कहा है कि किसी को भी सोशल मीडिया के जरिए माहौल खराब करने या डर फैलाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इस घटना के बाद पुलिस ने खासकर युवाओं को सख्त संदेश जारी किया है।
पुलिस की गिरफ्त में भड़काऊ वीडियो बनाने वाला युवक | Ludhiana News
- जिम्मेदारी से करें तकनीक का उपयोग
साइबर क्राइम के एसएचओ सतबीर सिंह ने अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भड़काऊ या आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट न करें। ऐसी पोस्ट से बचें जो सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुंचाती हों और तकनीक का जिम्मेदारी के साथ उपयोग करें। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस वीडियो के पीछे किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी। फिलहाल पुलिस ने चेतावनी दी है कि इस तरह के मामलों में बिना किसी ढील के सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें:– Heart Attack: बीईओ सतीश शर्मा का दिल का दौरा पड़ने से आकस्मिक निधन, छाया शोक















