Jaipur Military Foundation Day: जयपुर। सप्त शक्ति कमांड ने आज जयपुर मिलिट्री स्टेशन में अपना 22वां स्थापना दिवस मनाया। 15 अप्रैल 2005 को स्थापित सप्त शक्ति कमांड भारतीय सेना की सातवीं और सबसे युवा कमान है। सप्त शक्ति कमान के 22वें स्थापना दिवस के शुभ अवसर पर, सप्त शक्ति कमान के आर्मी कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल मनजिंदर सिंह, ने कमान के सभी रैंकों, पूर्व सैनिकों, रक्षा कर्मचारियों और उनके परिवारों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कमान की इस गौरवशाली यात्रा में योगदान देने वाले सभी भूतपूर्व और वर्तमान सैनिकों के निस्वार्थ समर्पण, साहस और बलिदान की सराहना की। उन्होंने भारतीय सेना की सबसे युवा कमान को इतने कम समय में विशिष्ट पहचान, गौरवपूर्ण विरासत स्थापित करने तथा सफलता के शिखर पर पहुँचाने में उनके अहम योगदान को सराहा। Jaipur Military News
पिछले बाईस वर्षों के दौरान सप्त शक्ति कमान ने व्यावसायिक उत्कृष्टता का उच्चतम मानदंड स्थापित करते हुए अपने आदर्श वाक्य‘सर्वदा विजयी भव’ के अनुरूप पश्चिमी सीमाओं पर एक सुदृढ़, सुसंगठित एवं प्रभावशाली सैन्य स्थिति का निर्माण किया है। इस कमान ने न केवल राष्ट्र की सीमाओं की सुरक्षा में अनुकरणीय सफलता प्राप्त की है, बल्कि सतत प्रशिक्षण, नई रणनीतियों, तकनीकों एवं प्रक्रियाओं के प्रभावी समावेशन के माध्यम से उच्चतम स्तर की परिचालन तत्परता एवं व्यावसायिक दक्षता को भी निरंतर सुदृढ़ किया है।
सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित
प्रेरणा स्थल पर आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में, सप्त शक्ति कमान के चीफ ऑफ स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल पी.एस. शेखावत ने पूर्व सैनिकों के साथ राष्ट्र की सेवा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। यह आयोजन कमान की मूल भावना में निहित वीरता और निःस्वार्थता का एक मार्मिक स्मरण था।। इस अवसर पर जयपुर मिलिट्री स्टेशन और जवाहर कला केंद्र में सिम्फनी बैंड कॉन्सर्ट के आयोजन से सैनिको और जयपुर के नागरिकों को वीरतापूर्ण और देशभक्तिपूर्ण धुनों से प्रेरित किया गया।
विशेष सैनिक सम्मेलन में सभी रैंकों को संबोधित करते हुए, चीफ ऑफ स्टाफ ने सेना के दृष्टिकोण के अनुरूप स्वयं को ढालने, नई रणनीतियों को अपनाने तथा बहु-क्षेत्रीय अभियानों में प्रभावी समन्वय स्थापित कर परिचालन तत्परता बढ़ाने की दिशा में सप्त शक्ति कमान द्वारा उठाए गए महत्वपूर्ण कदमों की सराहना की। चीफ ऑफ स्टाफ ने कमान को निरंतर समर्थन और शक्ति प्रदान करने के लिए परिवारों, पूर्व सैनिकों एवं वीर नारियों के प्रति भी आभार व्यक्त किया। चीफ ऑफ स्टाफ ने कमान के सभी रैंकों से राष्ट्र की संप्रभुता की रक्षा हेतु अपने संकल्प को पुनः सुदृढ़ करने और अटूट व्यावसायिकता और साहस के साथ उभरती चुनौतियों का सामना करने का आह्वान किया। Jaipur Military News

















