भद्रकाली मंदिर से लौटते समय खेत में बैठकर शराब पीते हुए विवाद, तीन युवकों पर केस दर्ज
हनुमानगढ़। संगरिया थाना क्षेत्र में भद्रकाली मंदिर में धोक लगाकर लौट रहे एक युवक की कथित रूप से मारपीट कर हत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक के भाई की रिपोर्ट पर संगरिया थाना पुलिस ने मृतक के गांव के ही तीन युवकों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार घटना पैसों के लालच में हुई बताई जा रही है। पुलिस को दी गई रिपोर्ट में प्रकाश (27) पुत्र रघुवीर नायक निवासी वार्ड नम्बर 11, दौलतपुरा पीएस टिब्बी ने बताया कि उसका भाई कालूराम पुत्र रघुवीर नायक चंडीगढ़ में नौकरी करता था। वह 2 मार्च को घर आया था और अपने साथ सैलरी के रूप में करीब 36 हजार रुपए लेकर आया था। Hanumangarh News
रिपोर्ट के अनुसार 3 मार्च को महेन्द्र पुत्र हनुमान, हरबंश पुत्र कृष्णलाल और पवन पुत्र महावीर निवासी दौलतपुरा, कालूराम को अपने साथ भद्रकाली माता मंदिर में धोक लगाने के लिए ले गए। घर से निकलते समय कालूराम ने अपनी माता इन्द्रादेवी और भाई प्रकाश से 18 हजार रुपए लेकर जेब में रख लिए और सभी मोटर साइकिल पर मंदिर के लिए रवाना हो गए। मंदिर से लौटते समय रास्ते में 14 एमकेएस स्थित महेन्द्र के खेत में चारों युवक बैठकर शराब पीने लगे। आरोप है कि इसी दौरान अन्य युवकों को कालूराम की जेब में रखी नकदी की जानकारी मिल गई। इसके बाद पैसों के लालच में तीनों ने कालूराम के साथ मारपीट की, उसकी जेब से 18 हजार रुपए निकाल लिए और गंभीर मारपीट कर दी।
मामले की गंभीरता से जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी
प्रार्थी ने बताया कि जब उसका भाई देर तक घर नहीं लौटा तो उसने फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुआ। शाम करीब 6.17 बजे महेन्द्र का फोन आया और उसने बताया कि कालूराम की तबीयत खराब हो गई है और वह चक्कर खाकर गिर गया है। सूचना मिलने पर प्रकाश अपने दोस्त हर्ष पुत्र कुलदीप सिंह के साथ मोटर साइकिल से बताए गए स्थान मानकसर पहुंचा, लेकिन वहां कोई नहीं मिला। बाद में दोबारा फोन करने पर महेन्द्र ने उन्हें लीलांवाली नहर के पास आने को कहा। वहां भी कोई नहीं मिला तो आगे लीलांवाली गोशाला के पास पहुंचे, जहां कालूराम मृत अवस्था में पड़ा मिला और आरोपी युवक वहीं मौजूद थे।
प्रकाश और उसके दोस्त ने कालूराम को वहां से उठाकर बेनीवाल अस्पताल, हनुमानगढ़ पहुंचाया, लेकिन डॉक्टर नहीं मिलने पर उसे सरकारी अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद कालूराम को मृत घोषित कर दिया। प्रार्थी की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने महेन्द्र, हरबंश और पवन के खिलाफ हत्या के आरोप संबंधी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच थाना प्रभारी अमर सिंह की ओर से की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। Hanumangarh News















