हमसे जुड़े

Follow us

28.2 C
Chandigarh
Tuesday, March 24, 2026
More
    Home अन्य खबरें इंदिरागांधी क...

    इंदिरागांधी के पैटर्न पर राजनीति नहीं करती भाजपा : शाह

    लखनऊ। गुजरात, बिहार और उत्तर प्रदेश के राजनीतिक घटनाक्रमों को लेकर उठ रही उंगलियों के बीच भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह ने कहा है कि उनकी पार्टी या सरकार इंदिरा गांधी के पैटर्न पर राजनीति नहीं करती। तीन दिवसीय लखनऊ दौरे के अंतिम दिन सोमवार को शाह ने संवाददाताओं से कहा कि यदि कोई भाजपा में शामिल होना चाहता है या गठबंधन कर सरकार बनाना चाहता है तो पार्टी उसे क्यों रोकेगी। स्वेच्छा से कोई मिलना चाहता है तो उसका स्वागत है, लेकिन एक बात तय है कि भाजपा या उसकी सरकारें इंदिरागांधी के पैटर्न पर राजनीति नहीं करती।

     गठबंधन से अलग होकर भाजपा से नाता जोड़ा

    बिहार में आए राजनीतिक बदलाव में नीतिश कुमार का पक्ष लेते हुए उन्होंने कहा कि कुमार ने किसी को मंत्रिमंडल से निकाला नहीं और न ही कोई दल तोड़ा। उन्होंने स्वेच्छा से गठबंधन से अलग होकर भाजपा से नाता जोड़ा। इसमें भाजपा या नीतिश कुमार कहां गलत हो गए। गुजरात में कांग्रेस विधायकों को लालच देने के आरोपों को भाजपा अध्यक्ष ने बेबुनियाद बताया और सवाल किया कि बंगलुरु में तो कांग्रेस की सरकार है, वहां विधायकों को कमरे में क्यों रखा गया।

    शाह ने कहा कि चुनाव से पहले भाजपा में शामिल होने वाले कई नेताओं को चुनाव लड़वाया गया। वह जनादेश से जनप्रतिनिधि चुने गए। भाजपा ने किसी दल को तोड़कर लोगों को नहीं शामिल किया था। जनता ने शामिल होने वालों को चुनकर उन्हें राजनीतिक मान्यता भी दे दी। एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य राज्य में ही बने रहेंगे। उन्होंने मौर्य के केन्द्रीय मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की अटकलों को सिरे से खारिज किया।

    ‘भाजपा अध्यक्ष पद छोड़ने का सवाल ही नहीं’

    राज्यसभा में जाने की स्थिति में भाजपा अध्यक्ष पद छोड़ने की अटकलों को विराम देते हुए अमित शाह ने कहा कि उनके पार्टी अध्यक्ष पद छोड़ने का कोई सवाल ही नहीं है और वह अपनी जिम्मेदारी को पूरी खुशी और तन्मयता से निभा रहे हैं। शाह ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में राज्यसभा का सदस्य बनने की स्थिति में भाजपा अध्यक्ष पद से इस्तीफे के प्रश्न पर कहा कि कोई सवाल नहीं है। नरेन्द्र मोदी को आजादी के बाद देश का सबसे लोकप्रिय प्रधानमंत्री करार देते हुए शाह ने कहा कि मोदी ने देश का सम्मान दुनिया में बढ़ाया है।

    Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।