प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत जागरूकता कैंप में दी सब्सिडी की जानकारी
फरीदाबाद (सच कहूँ/सागर दहिया)। Faridabad News: केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजना प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत आज सेक्टर- 28 स्थित कार्यालय में एक विशेष जागरूकता अभियान एवं कैंप का आयोजन किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उनके साथ एनआईटी फरीदाबाद विधायक सतीश फागना भी मौजूद रहे। राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के कल्याण का संकल्प लिया है और उसी सोच के तहत यह योजना शुरू की गई है। Faridabad News
सरकार ने इस योजना के तहत देशभर में 1 करोड़ परिवारों को जोड़ने का लक्ष्य रखा है, जिनमें से लगभग 72 लाख लोग पहले ही इसका लाभ ले चुके हैं, जबकि शेष लोगों को जोड़ने के लिए देशभर में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने बताया कि हरियाणा के लगभग एक लाख गरीब परिवारों को सोलर ऊर्जा से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। योजना के अंतर्गत पात्र उपभोक्ताओं को सोलर पैनल लगाने पर केंद्र और राज्य सरकार की ओर से लगभग 1.10 लाख तक की सब्सिडी प्रदान की जाएगी।
उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि सरकार द्वारा सोलर सिस्टम लगाने पर सब्सिडी दी जा रही है, जिसके तहत 1 किलोवाट पर लगभग 30 हजार रुपये, 2 किलोवाट पर लगभग 60 हजार रुपये तथा 3 किलोवाट तक पर लगभग 78 हजार रुपये तक की सहायता दी जा रही है। शेष राशि के लिए उपभोक्ताओं को आसान किस्तों पर ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे कम आय वाले परिवार भी बिना आर्थिक बोझ के सोलर सिस्टम लगवा सकें। कृष्ण पाल गुर्जर ने बताया कि यह योजना पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर लागू की जा रही है, इसलिए पात्र उपभोक्ताओं को जल्द से जल्द आवेदन करना चाहिए।
एनआईटी फरीदाबाद विधायक सतीश फागना ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा शुरू की गई सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना आम जनता के लिए बहुत लाभकारी साबित हो रही है। इस अवसर पर जिला परिषद के चेयरमैन विजय सिंह, जिला परिषद पलवल के चेयरमैन नरेंद्र, बिजली विभाग के एसई जितेंद्र ढुल, फरीदाबाद के विभिन्न डिवीजनों के एक्सईएन पंकज पवार, संजय मंगला, देवेंद्र अत्रि, ओम प्रकाश रक्षवाल उपस्थित रहे। Faridabad News
यह भी पढ़ें:– 8 घंटे में हत्यारोपी गिरफ्तार: कुल्हाड़ी से पत्नी की हत्या कर श्मशान में छिपा था आरोपी















