सुरक्षा कारणों से बदला कार्यक्रम स्थल, अब बी-ब्लॉक प्लेटफार्म नंबर-2 पर होगा समारोह
CM Bhajanlal Hanumangarh Visit: हनुमानगढ़। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के 8 मार्च, रविवार को हनुमानगढ़ दौरे की संभावना है। प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री हनुमानगढ़ जंक्शन की धानमंडी में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लेंगे। सुरक्षा कारणों के चलते कार्यक्रम स्थल में बदलाव करते हुए अब यह समारोह जाट भवन के सामने मंडी के बी-ब्लॉक के प्लेटफार्म नम्बर दो पर आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। पूर्व में यह कार्यक्रम धानमंडी में भूमि विकास बैंक के पास स्थित शैड के नीचे आयोजित होना प्रस्तावित था, लेकिन सुरक्षा व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए स्थान बदलकर जाट भवन के सामने प्लेटफार्म नम्बर दो तय किया गया है। Hanumangarh News
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को अधिकारी कार्यक्रम स्थल पर मंच सहित अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे रहे। सुबह शुरू हुआ मंच निर्माण का कार्य शाम तक पूरा कर लिया गया। इसके साथ ही मंडी परिसर में रातोंरात सड़कों की मरम्मत कराई गई तथा पूरे परिसर में साफ-सफाई का कार्य भी तेजी से कराया गया। शनिवार को भी अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। भाजपा संगठन की ओर से भी कार्यक्रम की तैयारियों पर नजर रखी जा रही है।
राजीव गांधी स्टेडियम में उतरेगा हेलीकॉप्टर
भाजपा के प्रदेश महामंत्री कैलाश मेघवाल, जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू और भाजपा नेता अमित चौधरी ने शनिवार को कार्यक्रम स्थल का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों का ध्यान संभावित भीड़, मौसम की गर्मी और आमजन को होने वाली असुविधाओं की ओर दिलाते हुए बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया। महिला दिवस के मौके पर आयोजित यह राज्य स्तरीय कार्यक्रम एक तरफ जहां महिला सशक्तिकरण का संदेश देगा, वहीं प्रशासन और सरकार के लिए भी यह आयोजन एक बड़े जनसमूह के बीच अपनी योजनाओं और नीतियों को प्रस्तुत करने का अवसर माना जा रहा है।

प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित राजीव गांधी स्टेडियम में हेलीकॉप्टर से पहुंचेंगे। इसके बाद वे जंक्शन धान मंडी में आयोजित अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री की ओर से धान मंडी में लगाई जाने वाली विभागीय प्रदर्शनी का निरीक्षण भी प्रस्तावित है।
डेढ़ घंटे चलेगा कार्यक्रम
महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से आयोजित यह राज्य स्तरीय कार्यक्रम दोपहर एक बजे शुरू होकर करीब ढाई बजे तक चलेगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी तथा जिला प्रभारी मंत्री सुमित गोदारा सभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान विभिन्न योजनाओं के तहत महिला लाभार्थियों को लाभान्वित भी किया जाएगा। कार्यक्रम स्थल पर विभागीय योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। Hanumangarh News















