बेटियों के स्वास्थ्य और आत्मविश्वास के सुरक्षा कवच को मजबूत करेगा एचपीवी वैक्सीन: सीएम सैनी
- 40 बेटियों को शुभारंभ अवसर पर लगाया वैक्सीनेशन
लाडवा (सच कहूँ/रामगोपाल गुप्ता)। HPV Vaccine: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि ह्यूमन पेपिलोमा वायरस (एचपीवी) वैक्सीन बेटियों के आत्म विश्वास और स्वास्थ्य की ढाल बनेगी। इस वैक्सीन से महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर होने के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकेगा। यह वैक्सीन वायरस से सुरक्षा प्रदान करेगी और बेटियों के सपनों का सुरक्षा कवच बनेगी। इस राष्ट्रव्यापी एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया है। यह वैक्सीनेशन अभियान बेटियों के स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य के सुरक्षा प्रति अटूट प्रतिबद्धता को दशार्ता है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शनिवार को लाडवा में हरियाणा स्वास्थ्य विभाग की तरफ से आयोजित प्रदेशव्यापी एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान के शुभारंभ पर बोल रहे थे।
इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने प्रदेशव्यापी एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया और बेटियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इसके उपरांत मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी व स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने 3 करोड़ 68 लाख की लागत से गांव बरोट में निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के भवन का उद्घाटन किया। इस अभियान के पहले दिन मुख्यमंत्री के समक्ष 5 बेटियों और स्वास्थ्य केन्द्र में 35 बेटियों को एचपीवी वैक्सीन लगाया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा राजस्थान के अजमेर से शुरू किए गए राष्ट्रव्यापी एचपीवी अभियान कार्यक्रम का वर्चुअल माध्यम से देखा।
विश्व के 160 से अधिक देशों में लगाई जा रही यह वैक्सिन | HPV Vaccine
सीएम ने कहा कि यह वैक्सीन पूरी तरह से वैज्ञानिक शोध पर आधारित और सुरक्षित है। यह वैक्सीन विश्व के 160 से अधिक देशों में लगाई जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का विजन केवल योजनाएं बनाना नहीं है बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना है। यह एचपीवी टीकाकरण अभियान भी इसी अभियान का एक सशक्त उदाहरण है। जब निजी क्षेत्र में यह टीका हजारों रुपए में उपलब्ध है तब सरकार इसे पात्र बालिका को पूर्णतया निशुल्क उपलब्ध करवा रही है।
सर्वाइकल कैंसर भारत में महिलाओं को ज्यादा होने वाला दूसरा कैंसर: सीएम
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सर्वाइकल कैंसर से भारत में महिलाओं में सबसे ज्यादा होने वाला दूसरा कैंसर है। यह कैंसर ह्यूमन पेपिलोमा वायरस से पनप रहा है। इस बीमारी को रोका जा सकता है इसलिए वैज्ञानिक शोध के बाद एचपीवी वैक्सीन से इलाज संभव हो सकेगा। यह वैक्सीन इस वायरस से सुरक्षा प्रदान करती है और भविष्य में सर्वाइकल कैंसर होने के खतरे को काफी हद तक कम कर देती है। इस वैक्सीन को आने वाले 3 महीने में राज्य की प्रत्येक पात्र बालिका तक यह सुरक्षा पहुंचाई जाएगी। यह वैक्सीन 14 वर्ष की आयु पूर्ण करने और 15 वर्ष की आयु की कम बेटियों को लगाया जाएगा।
यह भी पढ़ें:– Road Accident News: फतेहाबाद में फुटबॉल खिलाड़ियों से भरी गाड़ी पलटी















