मेहनत और माटी का मेल ही हरियाणा की है पहचान
- रंगारंग कार्यक्रमों के बीच हुआ हरियाणा स्टेट गेम्स का शुभारंभ
- शंखनाद व मंत्रोच्चारण से गूंजा ताऊ देवीलाल स्टेडियम
गुरुग्राम (सच कहूँ/संजय कुमार मेहरा)। 27th Haryana State Games: 27वें हरियाणा स्टेट गेम्स के रंगारंग शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा की माटी में वो ताकत है, इसेे जो छू लेता है वह चैंपियन बन जाता है। यहां मेहनत और माटी का मेल ही हरियाणा की पहचान है। उन्होंने खिलाडिय़ों से कहा कि हरियाणा स्टेट गेम्स की थीम माटी से मेडल तक सिर्फ एक थीम नहीं, बल्कि यह एक संकल्प है। इस अवसर पर पंडितों द्वारा किए गए शंखनाद व मंत्रोच्चारण से स्टेडियम गूंजायमान हो गया। Gurugram News
यहां ताऊ देवीलाल स्टेडियम में रविवार की रात को स्टेट गेम्स की शुरुआत पर मुख्यमंत्री ने जोशीले अंदाज में खिलाडिय़ों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह हरियाणा की युवा शक्ति के परिश्रम व प्रतिभा का उत्सव है। इसकी थीम भी है-मिट्टी से मेडल तक। हरियाणा के खेल इतिहास के एक नये अध्याय की शुरूआत हो रही है। हरियाणा की यह मिट्टी बहुत खास है। यह वह धरती है, जिसने देश को वह लाल दिए हैं जिन्होंने खेल के मैदान में भारत का तिरंगा बुलंद किया है। यही वह भूमि है जहां के खिलाडिय़ों ने ओलंपिक से लेकर एशियाई, राष्ट्रमंडल से अंतराष्ट्रीय खेलों तक भारत की शान बढ़ाई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में अगर दुनिया भारत को उभरती खेल शक्ति के रूप में देख रही है, इसमें हरियाणा भी निर्णायक है।
हरियाणा के खिलाडिय़ों ने हर बार भारत का मान बढ़ाया है। बहन, बेटियों ने खेल के मैदान में वह कर दिखाया, जो कोई सोच भी नहीं सकता। उन्होंने कहा कि चाहे साक्षी मलिक हो, गीता-बबीता फोगाट हो, विनेश फोगाट हो, मनीषा मलिक हो, मनु भाकर, ममता खरब या दीपा मलिक हो। इन सब बेटियों ने हरियाणा की माटी की ताकत का लोहा पूरी दुनिया में मनवाया है। आज 13 साल के लंबे अंतराल के बाद 27वें हरियाणा राज्य खेल उत्सव का शुभारंभ हुआ है। यह नई खेल क्रांति की शुरुआत है। 24 खेलों में छह हजार से अधिक खिलाड़ी मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने मैदान में उतरेेंंगे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि खिलाड़ी इस मैदान में अपनी मातृभूमि के लिए उतरेंगें। यह राज्य खेल आज से आठ नवंबर तक चलेगा। कई युवा तो पहली बार इतने बड़े मंच पर खेलने उतरेंगें। सभी युवा खिलाडिय़ो सें कहना चाहता हूं कि यह खेल तुम्हारा है। यह मंच भी तुम्हारा है। यह भविष्य भी तुम्हारा है। उन्होंने खिलाडिय़ों से कहा कि आप जितना खेलेंगें, उतना खिलेंगें। सीएम ने कहा कि खेल केवल मेडल जीतने का माध्यम नहीं है, खेल अनुशासन भी सिखाता है। परिश्रम, सहनशीलता व आतमविश्वास को बढ़ाता है। हमारी सरकार ने पिछले 11 वर्ष में खेलों को राष्ट्र निर्माण का अभिन्न हिस्सा बनाया है। खुशी है कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खेलो इंडिया व फिट इंडिया जैसे अभियानों में देश के गांव-गांव, शहर-शहर तक खेल की मशाल जगी है। इसी का परिणाम है कि आज गांव का बच्चा भी सपने देखता है कि वह एक दिन ओलंपिक में देश के लिए मेडल जाएगा। हरियाणा की युवा ऊर्जा खेल ढांचा, खिलाडिय़ों के लिए सुविधाएं नया इतिहास रच रही है। मेहनत और माटी का मेल ही हरियाणा की पहचान है। Gurugram News
सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि माटी से मेडल तक सिर्फ एक थीम नहीं है, यह एक संकल्प है। हम हर गांव, हर शहर, हर खेल मैदान में प्रतिभाओं को तराशेंगें और उन्हें विश्व मंच पर पहुंचाने का काम करेंगें। सरकार ने हमेशा माना है कि खेल व खिलाड़ी राष्ट्र की सबसे बड़ी संपत्ति है। इसलिए खेलों को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार व विभिन्न संस्थाओं के सहयोग से हर संभव प्रयास कर रहे हैं। खिलाडिय़ों को किसी चीज की कमी नहीं रहनी चाहिए। जहां खिलाड़ी सम्मानित होगा, वहां राष्ट्र का गौरव बढ़ेगा।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आगे कहा कि हमने खेलों के लिए सशक्त व पारदर्शी नीति भी बनाई है। बचपन से ही खिलाडिय़ों को तराशने के लिए खेल नर्सरी खोली हैं। उन्हें वित्तीय सहायता व प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है। एक हजार चार सौ नवासी नर्सरी खोल रखी हैं। सैंतीस हजार दो सौ पच्चीस खिलाड़ी इनमें प्रशिक्षण ले रहे हैं। आठ से चौदह वर्ष तक के खिलाडिय़ों को 1500 रुपये, 15 से 19 साल तक के खिलाडिय़ों को दो हजार रुपये दिए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा स्टेट गेम्स केवल प्रतियोगिता नहीं है, यह कौशल, साहस व संकल्प की परीक्षा है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आने वाले वर्ष चाहे 2028 हो, 2032 हो या 2036 में ओलंपिक खेल हों। इन खेलों में पदक आप में से ही लेंगे। यह गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि 13 साल बाद इन खेलों के लिए ओलंपिक संघ का आभार। मुख्यमंत्री ने खिलाडिय़ों को दी जा रही सुविधाओं का भी ब्यौरा यहां दिया। अपने भाषण के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के 27वें स्टेट गेम्स की अधिकारिक घोषणा की।
इस अवसर पर सांसद धर्मबीर ङ्क्षसह, हरियाणा ओलंपिक संघ के अध्यक्ष जसविंद्र मीनू बेनीवाल, एशियन कोनाइन गेम्स के अध्यक्ष प्रशांत कुशवाहा, हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष मंजीत सिंह, खरखौदा के विधायक पवन, पटौदी की विधायक बिमला चौधरी, नलवा से विधायक रणधीर पनिहार, भाजपा जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी, पूर्व मंत्री संजय सिंह आदि मौजूद रहे। Gurugram News
यह भी पढ़ें:– Rajiv Park: राजीव पार्क के बाहर मिली बच्चों की दवाओं की खाली शीशियां, इलाके में मचा हड़कंप















