जीवननगर में धार्मिक कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
- होला मोहल्ला साहस, भक्ति और सामाजिक समरसता का प्रतीक: सीएम सैनी
सरसा (सच कहूँ/सुनील वर्मा)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी (Nayab Singh Saini) ने रविवार को सिरसा जिले के नामधारी गुरुद्वारा श्री जीवननगर में आयोजित भव्य होला मोहल्ला कार्यक्रम में शिरकत की और संत समाज का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर देश-विदेश से बड़ी संख्या में आई नामधारी संगत को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पावन आश्रम में आयोजित गौरवशाली पर्व होला मोहल्ला के अवसर पर आप सबके बीच आकर उन्हें अत्यंत प्रसन्नता का अनुभव हो रहा है। संत समाज प्रेम, सेवा, भाईचारे और आध्यात्मिकता के माध्यम से समाज को जोड़ने का महान कार्य कर रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरसा की पावन भूमि संतों और महापुरुषों की तपोभूमि रही है। संतों की शिक्षाएं आज भी समाज को सही दिशा प्रदान कर रही हैं। Sirsa News
मुख्यमंत्री ने कहा कि होला मोहल्ला केवल एक उत्सव नहीं बल्कि हमारी समृद्ध भारतीय संस्कृति, वीरता और आध्यात्मिक परंपरा का जीवंत प्रतीक है। यह पर्व हमें जीवन में साहस और भक्ति दोनों के संतुलन की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि यह उत्सव केवल रंगों का त्योहार नहीं है बल्कि अन्याय के विरुद्ध खड़े होने के संकल्प और पुरुषार्थ का प्रतीक भी है। दशमेश पिता श्री गुरु गोबिंद सिंह जी ने होली के उत्साह के साथ खालसा परंपराओं को मजबूत करने और समाज में भाईचारे व एकता की भावना को बढ़ावा देने के लिए होला मोहल्ला मनाने की परंपरा शुरू की थी।
नामधारी समाज का इतिहास त्याग और बलिदान की प्रेरणादायक गाथा | Sirsa News
मुख्यमंत्री ने कहा कि नामधारी समाज का इतिहास त्याग, तपस्या और बलिदान से भरा हुआ है। सतगुरु राम सिंह जी महाराज द्वारा शुरू किया गया कूका आंदोलन भारत के स्वतंत्रता संग्राम का एक महत्वपूर्ण अध्याय है। उन्होंने कहा कि जब देश गुलामी की बेड़ियों में जकड़ा हुआ था, तब नामधारी समाज ने स्वदेशी अपनाने और विदेशी वस्तुओं के बहिष्कार का जो संदेश दिया, उसने स्वतंत्रता आंदोलन को नई ऊर्जा देने का कार्य किया। मुख्यमंत्री ने उन वीर नामधारी शहीदों को भी नमन किया जिन्होंने मलेरकोटला में तोपों के सामने खड़े होकर हंसते-हंसते अपने प्राणों की आहुति दे दी, लेकिन सत्य और स्वाभिमान का मार्ग नहीं छोड़ा।
‘सबका साथ, सबका विकास’के मंत्र पर आगे बढ़ रही सरकार
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूल मंत्र के साथ कार्य कर रही है। यह विचारधारा नामधारी पंथ के ‘सरबत दा भला’ और मानव सेवा के सिद्धांतों से मेल खाती है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार महापुरुषों की शिक्षाओं को समाज तक पहुंचाने के लिए उनकी जयंती राज्य स्तर पर मनाती है और इसके लिए ‘संत-महापुरुष सम्मान विचार प्रचार एवं प्रसार योजना’ चलाई जा रही है। Sirsa News
यह भी पढ़ें:– Ration Card News: राशन कार्ड धारकों का 15 मार्च तक अंगूठा नहीं लगा, तो खाली रह जाएगा झोला















