
आत्मनिर्भर भारत के विजन पर भाजपा ने बुलाई बैठक, कैथल में मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश प्रभारी सहित तमाम बड़े नेता रहेंगे मौजूद
कैथल (सच कहूँ/कुलदीप नैन)। भारतीय जनता पार्टी आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत स्वदेशी जागरण अभियान को जन-जन का अभियान बनाने में जुटी है। भाजपा की 7 दिसंबर को कैथल में बड़ी बैठक होने जा रही है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और प्रदेश के प्रभारी डा. सतीश पूनिया, संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा भी मुख्य रूप से शामिल होंगे। बैठक में संगठनात्मक विषयों के साथ-साथ आत्मनिर्भर भारत अभियान को और तेज गति देने पर मंथन होगा। इसी दिन कैथल से स्वदेशी अभियान को जन-जन का संकल्प बनाने के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आत्मनिर्भर भारत संकल्प रथ यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। Kaithal News
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि हमें आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान को जन-जन की आवाज बनाना है। स्वदेशी के मूलमंत्र को हमें हर भारतीय तक पहुंचाना है। बड़ौली ने कहा कि इस बैठक में सरकारी योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंचाने के विषय पर भी चर्चा होगी। सरकार की जनकल्याण की योजनाओं से कोई पात्र व्यक्ति ना छूटे इसकी योजना रचना पर भी चर्चा की जाएगी।
भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी अरविंद सैनी ने कहा बैठक में वर्तमान में चल रहे अभियानों की समीक्षा होगी और कार्यकर्ताओं को आगामी कार्यक्रमों को लेकर जरूरी संगठनात्मक दिशा निर्देश भी दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत अभियान कैसे जन-जन का अभियान बने इस पर विस्तार पूर्वक चर्चा होगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि भाजपा का हर कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत विजन को साकार करने में जुटा है। 7 दिसंबर को कैथल में होने वाली बैठक में आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान को और तेज गति देने पर चर्चा की जाएगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान रथ यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे। Kaithal News
यह भी पढ़ें:– सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर हुआ टीका उत्सव का शुभारंभ














