हमसे जुड़े

Follow us

27.8 C
Chandigarh
Monday, March 23, 2026
More
    Home देश कांग्रेस ने स...

    कांग्रेस ने स्वीकारी जेटली की चुनौती, कहा-राफेल पर बहस को तैयार

    Congress, Challenges, Jaitley 

    नई दिल्ली (एजेंसी)। राफेल सौदे को लेकर बार-बार संसद की कार्यवाही में व्यवधान डाल रही कांग्रेस पार्टी अब इस मुद्दे पर बहस के लिए के लिए तैयार हो गयी है। वित्त मंत्री अरुण जेटली ने सोमवार को लोक सभा में इस सौदे की जांच के लिए संयुक्त संसदीय समिति बनाने की मांग और नारेबाजी कर रहे कांग्रेसी नेताओं को इस मुद्दे पर बहस की चुनौती दी। जेटली ने कहा कि सरकार तुरंत ही इस मुद्दे पर बहस करने और जवाब देने को तैयार है। इसके जवाब में कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि उनकी पार्टी इस मुद्दे पर बहस के लिए तैयार है।

    वित्त मंत्री ने कहा, राफेल मुद्दे पर बहस से भाग रही है कांग्रेस पार्टी

    लोक सभा में भोजनावकाश के बाद जैसे ही सदन की कार्यवाही अनुदान की पूरक मांगों पर चर्चा के लिए शुरु हुई तभी कांग्रेस नेता खड़गे ने खड़े होकर राफेल सौदे की जांच के लिए जेपीसी गठित करने की मांग दोहरा दी। इस पर वित्त मंत्री ने कहा कि खड़गे को इस मुद्दे पर तत्काल ही चर्चा शुरु कर देनी चाहिए। सरकार जवाब देने को तैयार है। जेटली ने कहा कि खड़गे चर्चा से भाग रहे हैं। उन्होंने कहा कि राफेल मुद्दे पर चर्चा होनी चाहिए। यह चर्चा होने पर वह साबित कर देंगे कि कांग्रेस पार्टी झूठ फैला रही है।

    इससे पूर्व शून्यकाल में भी कांग्रेस ने राफेल सौदे की जांच के लिए जेपीसी गठित करने की मांग करते हुए सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। कांग्रेस सदस्य तख्तियां हाथ में लिये सभापति के आसान के निकट खड़े होकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। इसके जवाब में भाजपा के सदस्य भी सत्ताधारी खेमे में बैठे गांधी-परिवार के खिलाफ नारे लगा रहे थे। शून्य काल शुरु होते ही खड़गे ने राफेल मामला उठाया और इसमें घोटाले का आरोप लगाते हुए सवाल किया कि सरकार आखिरकार विमानों की कीमत का खुलासा करने से क्यों बच रही है। खड़गे ने कहा कि राफेल में सबसे बड़ा घोटाला हुआ है। वे तीन हफ्ते से इसे उठाने की कोशिश कर रहे हैं।

    खड़गे के इस आरोप के बाद गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस को यह समझना चाहिए कि सरासर झूठ को बार-बार बोलने पर सच नहीं बन सकता। सरकार इस मामले पर बहस के लिए तैयार है तो कांग्रेस पार्टी बहस से क्यों भाग रही है। इस सवाल का जवाब कांग्रेस के नेताओं को देना चाहिए।

    Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो।