देश में कोरोना हुआ बेकाबू- 3.79 लाख नए मामले, 3645 की मौत, अशोक गहलोत कोरोना पोजिटिव

Coronavirus

नई दिल्ली (सच कहूँ न्यूज)। देश में कोरोना का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है और पिछले 24 घंटों के दौरान इस वायरस के संक्रमण से 3645 लोगों की जान चली जाने से अभी तक 2,04,832 लोग काल का ग्रास बन चुके है। इसी अवधि में 3.79 लाख से अधिक नए मामले सामने आए, लेकिन राहत की बात यह रही कि 2.69 लाख से ज्यादा लोगों ने इस महामारी को मात दी है। इस बीच पिछले 24 घंटों के दौरान देश में 21,93,281 लोगों का टीकाकरण होने के साथ ही अब तक 15 करोड़ 20 हजार 648 लोगों को टीका लगाया जा चुका है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से गुरुवार सुबह जारी आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान देश में 3,79,257 नए मामले आने के साथ ही संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर एक करोड़ 83 लाख 76 हजार 524 हो गया। इस दौरान 2,69,507 मरीज स्वस्थ भी हुए हैं। देश में अब तक एक करोड़ 50 लाख 86 हजार 878 लोग कोरोना को मात दे चुके हैं।

इसी दौरान सक्रिय मामलों में लगातार बढ़ोतरी से इनकी संख्या 30,84,814 हो गयी है। वहीं 3645 और मरीजों की मौत के साथ इस बीमारी से मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 2,04,832 हो गया है। देश में रिकवरी रेट घटकर 82.10 प्रतिशत और सक्रिय मामलों की दर बढ़कर 16.79 फीसदी हो गयी है, जबकि मृत्युदर कम घटकर 1.11 फीसदी रह गयी है।

वहीं राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत कोरोना पोजिटिव हो गए हैं। यह जानकारी खुद गहलोत ने ट्विट करके दी है। उन्होंने कहा कि कोविड टेस्ट करवाने पर वीरवार को उनकी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है, हालांकि उन्हें किसी तरह के लक्षण नहीं हैं और वह ठीक महसूस कर रहे हैं। गहलोत ने कहा कि वह कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए आइसोलेशन में रहकर ही कार्य जारी रखेंगे।

मराठवाड़ा में कोरोना के करीब 7497 नए मामले, 171 लोगों की मौत

महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना से संक्रमित 7497 नए मामले सामने आए और इसके संक्रमण से 171 और मरीजों की मौत हो गयी। स्वास्थ्य अधिकारियों ने वीरवार को यह जानकारी दी। सभी जिला मुख्यालयों से द्वारा एकत्र किए गए विवरण के मुताबिक क्षेत्र के आठ जिलों में से औरंगाबाद सबसे अधिक प्रभावित रहा, जहां संक्रमण के 1,314 नए मामले सामने आए और 37 लोगों की मौत हो गयी। इसके बाद लातूर में 1203 नए मामले दर्ज किए गए और 29 व्यक्ति की मौत हुई जबकि बीड में 1346 लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई और 19 मरीज अपनी जान गंवा बैठे। परभणी में 1018 नए मामले और 18 मरीजों की मौत हुई।

यह भी पढ़े – जानें, कोरोना से बचाव के लिए पूज्य गुरु संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां का संदेश

आयुष पद्धति अपनाकर बढ़ाएँ रोग-प्रतिरोधक क्षमता

मध्यप्रदेश के भोपाल में आयुष विभाग ने जानकारी दी है कि आयुष पद्धति अपनाकर कोरोना वायरस संक्रमण की रोकथाम एवं रोग-प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाई जा सकती है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार इसके लिए आयुष विभाग द्वारा लोगों को जागरूक किया जा रहा है और जीवन अमृत योजना के तहत काढ़े का वितरण किया जा रहा है। इस बार 8 से 26 अप्रैल तक 59 हजार 843 काढ़े के पैकेट इतने ही परिवारों को उपलब्ध कराए गए हैं। इससे लाभ लेने वाले सदस्यों की संख्या एक लाख 49 हजार 608 है।

भोपाल में 29 और 30 अप्रैल को प्रस्तावित टीकाकरण निरस्त

मध्यप्रदेश के भोपाल जिले में 29 और 30 अप्रैल को प्रस्तावित टीकाकरण कार्यक्रम को निरस्त कर दिया गया है। मुख्य चिकित्सा और स्वास्थ अधिकारी ने बताया की कोविड-19 टीकाकरण के 29 और 30 अप्रैल को प्रस्तावित समस्त सत्र शहरी एवं ग्रामीण निरस्त किए गए हैं। इसमें मेडिकल कॉलेज एवं जिला अस्पताल भी सम्मिलित है। टीकाकरण कार्यक्रम निरस्त किए जाने का मुख्य उद्देश्य 01 मई से प्रारंभ होने वाले 18 वर्ष और उससे अधिक आयु वर्ग के नागरिकों के टीकाकरण सत्रों की पुनर्रचना की प्रक्रिया, टीम सदस्यों का प्रशिक्षण और अवश्यक अपेक्षित प्रोटोकोल की पूर्ण व्यवस्था करना है।

कर्नाटक में करीब 3000 संक्रमित लापता

कर्नाटक में कोराना के लगातार बढ़ते मामलों के बीच इससे संक्रमित करीब 3000 लोगों ने अपने फोन बंद कर दिए हैं और लापता हो गये हैं। राजस्व मंत्री आर अशोक ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा, ‘पुलिस उनका पता लगा रही है। हम मुफ्त दवाएं दे रहे हैं जिससे 90 प्रतिशत मामले नियंत्रित हो सके हैं , लेकिन वे (लापता मरीज) अपना फोन बंद कर रखे हैं। वे गंभीर हालत में आईसीयू में बेड के लिए अस्पताल पहुंचे थे। अब यह क्या हो रहा है। उन्होंने कहा, ‘ हमें लगता है कि कम से कम दो से तीन हजार मरीजों ने अपना फोन बंद कर रखा है और अपने घरों को छोड़ चुके हैं। हम नहीं जानते कि वे कहां गये हैं। उन्होंने ऐसे मरीजों से अपील की कि वे अपना फोन चालू रखें।

झारखंड में भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा का निधन

भारतीय जनता पार्टी के झारखंड के पूर्व अध्यक्ष और सिंहभूम के पूर्व सांसद लक्ष्मण गिलुवा नहीं रहे । वह 56 वर्ष के थे। कोरोना पॉजिटिव होने के बाद उन्हें इलाज के लिए टाटा मोटर्स अस्पताल जमशेदपुर में भर्ती कराया गया था। जहां इलाज के दौरान कल देर रात दो बजकर 10 मिनट पर उन्होंने अंतिम सांस ली। गिलुवा 1999 में पहली बार लोकसभा के सदस्य बने थे और फिर उन्हें 2014 में लोकसभा का सदस्य बनने का श्रेय मिला था। गिलुवा के निधन पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दीपक प्रकाश, कृषिमंत्री बादल, स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता समेत विभिन्न दलों के नेताओं-कार्यकत्तार्ओं ने शोक-संवेदना जतायी है।

कोरोना अपडेट राज्य

महाराष्ट्र: कोरोना के सक्रिय मामलों में शीर्ष पर है और पिछले 24 घंटों के दौरान 1,093 सक्रिय मामले बढ़ने के बाद कुल मामलों की संख्या बढ़कर 6,75,451 हो गई है। इस दौरान राज्य में 61,181 और मरीजों के ठीक होने के बाद कोरोना को मात देने वालों की तादाद बढ़कर 37,30,729 हो गयी है जबकि 1035 और मरीजों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 67,214 हो गया है।

कर्नाटक : कोरोना के सक्रिय मामले सबसे अधिक 26,985 बढ़ने से इनकी कुल संख्या 3,28,903 हो गयी है। राज्य में मृतकों का आंकड़ा 15,036 तक पहुंच गया है तथा अब तक 10,95,883 मरीज स्वस्थ हुए हैं।

केरल: इस दौरान 19,467 सक्रिय मामले बढ़कर इनकी कुल संख्या 2,66,981 हो गयी तथा 15,505 मरीजों के स्वस्थ होने से कोरोना को मात देने वालों की संख्या बढ़कर 12,23,185 हो गयी है जबकि मृतकों की संख्या बढ़कर 5211 हो गयी है।

राजधानी दिल्ली: अस्पतालों में आॅक्सीजन की भारी किल्लत हो रही है। यहां कोरोना के सक्रिय मामलों में 5160 की वृद्धि होने से इनकी संख्या एक लाख से पार 1,03,424 तक पहुंच गयी है। यहां 368 और लोगों की मौत होने से अब तक 1,15,377 लोगों की इस महामारी से मौत हुई हैं जबकि 9,79,250 मरीज कोरोना को मात दे चुके हैं।

आंध्र प्रदेश: सक्रिय मामले 8165 बढ़कर 1,07,611 हो गए हैं। राज्य में कोरोना को मात देने वालों की तादाद 9,54,062 हो गयी है जबकि 7871 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।

तमिलनाडु : सक्रिय मामलों की संख्या 1453 बढ़कर 1,10,308 हो गयी है तथा अब तक 13,826 लोगों की मौत हुई है। वहीं राज्य में 10,06,033 मरीज संक्रमण मुक्त हुए हैं।

तेलंगाना: सक्रिय मामले बढ़कर 76,060 हो गए हैं और 2208 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 3,49,692 लोग इस महामारी से ठीक हुए हैं।

उत्तर प्रदेश: पिछले 24 घंटों के दौरान 6417 सक्रिय मामलों में कमी आने से इनकी संख्या घटकर 3,00,041 हो गयी हैं। राज्य में इस महामारी से अब तक 11,943 संक्रमितों की मौत हो चुकी है तथा 8,70,864 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।

छत्तीसगढ़ : कोरोना के सक्रिय मामलों में 222 की कमी आने से कुल मामलों की संख्या घटकर 1,18,846 रह गयी है। राज्य में 5,70,995 लोग कोरोना मुक्त हो चुके हैं जबकि इस महामारी से अभी तक 8061 लोगों की मौत हो गयी है।

मध्य प्रदेश: सक्रिय मामलों में 1503 की कमी आने से इनकी संख्या घटकर 92773 रह गयी हैं तथा अब तक 4,39,968 लोग स्वस्थ हो चुके हैं जबकि 5424 लोगों की इस बीमारी से मौत हो चुकी है।

पंजाब: सक्रिय मामले बढ़कर 53426 हो गए हैं तथा संक्रमण से निजात पाने वालों की संख्या 2,95,988 हो गई है जबकि 8772 मरीजों की जान जा चुकी है। गुजरात में सक्रिय मामले बढ़कर 133,191 हो गए हैं तथा अब तक 6830 लोगों की मौत हुई है। राज्य में 3,98,824 मरीज संक्रमण मुक्त हुए हैं।

हरियाणा: इस अवधि में सक्रिय मामलों की संख्या 4731 बढ़कर 88,860 हो गयी है। राज्य में इस महामारी से 4021 लोगों की मौत हो चुकी है तथा अब तक 3,67,317 लोग संक्रमण से ठीक हो चुके हैं।

पश्चिम बंगाल: विधानसभा चुनाव के मतदान का आज अंतिम चरण है और राज्य में अब कोरोना वायरस के सक्रिय मामले बढ़ने शुरू हो गए है और इनकी संख्या में 5197 का उछाल आने से कुल संख्या 1,05,812 हो गयी हैं और इस महामारी से अब तक 11,159 लोगों की मौत हो गयी है। राज्य में अब तक 6,76,581 लोग ठीक हो गए हैं।

बिहार: सक्रिय मामले बढ़कर 98,748 हो गए है। राज्य में कोरोना वायरस से अभी तक 2391 लोगों की मौत हुई है जबकि 3,40,236 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। कोरोना महामारी से अब तक राजस्थान में 3926, जम्मू-कश्मीर में 2227, उत्तराखंड में 2417, ओडिशा में 2017, झारखंड में 2395, हिमाचल प्रदेश में 1420, असम में 1255, गोवा में 1110, पुड्डुचेरी में 781, चंडीगढ़ में 457, त्रिपुरा में 396, मणिपुर में 395, मेघालय में 167, सिक्किम में 143, लद्दाख में 139, नागालैंड में 100, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में 67, अरुणाचल प्रदेश में 58, मिजोरम में 13, दादर-नागर हवेली एवं दमन-दीव में चार तथा लक्षद्वीप में एक व्यक्ति की मौत हुई है।

 

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।