चंडीगढ़ में स्पेशल होगी स्वतंत्रता दिवस की परेड

Tricolour Hoist Rules
  • चंडीगढ़ में पहली बार सौ के करीब विमान दिखाएंगे करतब

  • आसमान से तीन रंगों के फूल बरसाएगी वायुसेना

चंडीगढ़ (एम के शायना)। चंडीगढ़ के लोग 75 वें स्वतंत्रता दिवस को लेकर बहुत खुश नजर आ रहे हैं। ऐसे में लोगों की खुशी को दोगुना करने के लिए प्रशासन कोई कमी नहीं छोड़ रहा। इसलिए चंडीगढ़ में 75वें स्वतंत्रता दिवस को इस बार एक खास अंदाज में मनाया जाएगा। सेक्टर-17 के परेड ग्राउंड में होने वाले मुख्य कार्यक्रम में इस बार वायु सेना भी हिस्सा लेगी और कार्यक्रम में मौजूद लोगों पर आसमान से फूल बरसाएगी। इसके लिए तैयारियां चल रही हैं। आजादी के अमृत महोत्सव और हर घर तिरंगा अभियान के तहत वायुसेना ने इस बार के स्वतंत्रता दिवस समारोह को खास बनाने का फैसला लिया है। कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक बनवारीलाल पुरोहित पहुंचेंगे और राष्ट्र ध्वज फहराएंगे। प्रशासन ने परेड ग्राउंड में कार्यक्रम की तैयारियां शुरू कर दी हैं।

ग्रुप कैप्टन पीएस लांबा ने बताया कि चंडीगढ़ में 15 अगस्त के दिन वायु सेना भी भागीदारी निभाएगी। प्रशासक बनवारीलाल पुरोहित जैसे ही 15 अगस्त के दिन सुबह तिरंगा फहराएंगे, हेलिकॉप्टर ऊपर से गुजरेंगे और केसरी, सफेद व हरे रंग के फूलों के पंखुड़ियों की बरसात करेंगे। ये दृश्य लोगों को देशभक्ति का अहसास कराएगा। पीएस लांबा ने बताया कि चंडीगढ़ में ऐसा पहली बार होने जा रहा है। इसको लेकर प्रशासन के अधिकारियों से चर्चा हो चुकी है और वायु सेना की तरफ से तैयारियां की जा रही हैं।

100 के करीब विमान दिखाएंगे करतब

हर वर्ष 8 अक्तूबर को गाजियाबाद में हिंडन एयर बेस पर वायु सेना दिवस मनाया जाता है। पहली बार वायु सेना दिल्ली के बाहर ये दिवस मनाएगी। इसके लिए चंडीगढ़ का चयन किया गया है। कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, तीनों सेनाओं के प्रमुख समेत हजारों लोग होंगे। सेना की तरफ से तैयारियां चल रही हैं। इसमें 100 के करीब विमान करतब दिखाएंगे। वायु सेना की तरफ से परेड भी होगी और सभी मशहूर शो होंगे। करीब एक घंटे का फ्लाइंग पास्ट होगा। इसमें फाइटर, हेलिकॉप्टर, चिनूक सभी तरह के एयरक्राफ्ट होंगे। वायु सेना की तरफ से जिन्हें भी ऑनरेरी रैंक दिया गया है, उन सभी को आमंत्रित किया जाएगा।

13 अगस्त को 7500 छात्र बनाएंगे 75 वीं वर्षगांठ को दशार्ती हुई ह्यूमन चेन

इस कार्यक्रम के लिए प्रशासन की तरफ से बड़े स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। इसके तहत होने वाले कार्यक्रमों की शुरूआत शहर में 12 अगस्त को ही हो जाएगी। 13 अगस्त को एक रिकॉर्ड बनाने के लिए सेक्टर-16 के क्रिकेट स्टेडियम में 7500 छात्र एकत्रित होंगे और आजादी की 75वीं वर्षगांठ को दशार्ती हुई एक ह्यूमन चेन बनाई जाएगी। इस कार्यक्रम में भी प्रशासक बनवारीलाल पुरोहित मुख्यातिथि होंगे। इसके लिए प्रशासन की तरफ से शिक्षा विभाग को जानकारी भेज दी गई है। वायु सेना भी इस कार्यक्रम का हिस्सा होगी।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।