हमसे जुड़े

Follow us

16.1 C
Chandigarh
Sunday, March 1, 2026
More
    Home खेल आईपीएल 14 : क...

    आईपीएल 14 : कोलकाता ने हैदराबाद को दी 10 रन से मात

    IPL-2021

    तीसरा मैच में नीतीश राणा ने ठोंका आतिशी अर्धशतक

    (IPL Kolkata Vs Hyderabad)

    चेन्नई (एजेंसी)। सलामी बल्लेबाज नीतीश राणा (80) और राहुल त्रिपाठी (53) के आतिशी अर्धशतकों की बदौलत कोलकाता नाईट राइडर्स ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ रविवार को आईपीएल 14 के तीसरे मुकाबले को एकतरफा अंदाज में 10 रन से जीत लिया। कोलकाता ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 187 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया जबकि हैदराबाद की टीम 20 ओवर में पांच विकेट पर 177 रन ही बना सकी। हैदराबाद की तरफ से मनीष पांडेय ने नाबाद 61 और जानी बेयरस्टो ने 55 रन बनाये। अब्दुल समद ने मात्र आठ गेंदों में दो छक्के उड़ाते हुए नाबाद 19 रन बनाये। मनीष पांडेय ने पारी के आखिरी ओवर में आंद्रे रसेल की अंतिम गेंद पर छक्का मारा लेकिन यह हैदराबाद को जीत दिलाने के लिए काफी नहीं था।

    गिल ने 13 गेंदों पर 15 रन में एक चौका और एक लगाया  छक्का 

    राणा ने शुभमन गिल (15) के साथ पहले विकेट के लिए सात ओवर में 53 रन की शानदार साझेदारी की। गिल को करिश्माई लेग स्पिनर राशिद खान ने बोल्ड किया। गिल ने 13 गेंदों पर 15 रन में एक चौका और एक छक्का लगाया। राणा ने फिर राहुल त्रिपाठी के साथ दूसरे विकेट के लिए 93 रन की जबरदस्त साझेदारी की। दोनों बल्लेबाजों ने अपनी पारी के दौरान बेहतरीन चौके और छक्के लगाए। राणा ने तो छक्का मारकर अपना अर्धशतक पूरा किया।

    त्रिपाठी ने 29 गेंदों पर 53 रन में पांच चौके और दो छक्के लगाए

    त्रिपाठी ने चौका लगाकार अपना अर्धशतक पूरा किया लेकिन इसके तुरंत बाद ही वह बाएं हाथ के तेज गेंदबाज टी नटराजन की गेंद को ऊंचा खेल गए और विकेटकीपर रिद्धिमान साहा ने अपने पीछे जाकर कैच लपका । त्रिपाठी ने 29 गेंदों पर 53 रन में पांच चौके और दो छक्के लगाए। आंद्रे रसेल ने आने की तुरंत बाद ही राशिद की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में मनीष पांडेय को कैच थमा दिया।

    रसेल ने पांच गेंदों में पांच रन बनाये। राणा ने रसेल का विकेट गिराने के बाद अपना धैर्य खोया और आॅफ स्पिनर मोहम्मद नबी की गेंद पर विजय शंकर को कैच देकर आउट हुए। राणा ने 56 गेंदों पर 80 रन की शानदार पारी में नौ चौके और चार छक्के लगाए। कप्तान इयोन मॉर्गन मात्र दो रन बनाकर नबी की गेंद पर पर अब्दुल समद के हाथों लपके गए।कोलकाता ने 160 के स्कोर पर दो विकेट गंवाए।

    मोहम्मद नबी ने चार ओवर में 32 रन देकर दो विकेट लिए

    पिछले कप्तान दिनेश कार्तिक ने इस मुकाबले में नौ गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के के सहारे नाबाद 22 रन बनाये जबकि बंगलादेश के आलराउंडर शाकिब अल हसन मात्र तीन रन बनाकर आखिरी गेंद पर भुवनेश्वर का शिकार बन गए। हैदराबाद की तरफ से राशिद खान ने चार ओवर में 24 रन देकर दो विकेट लिए जबकि मोहम्मद नबी ने चार ओवर में 32 रन देकर दो विकेट लिए जबकि भुवनेश्वर और नटराजन को एक-एक विकेट मिला।

    लक्ष्य का पीछा करते हुए हैदराबाद की शुरूआत अच्छी नहीं रही और उसने 10 रन तक कप्तान डेविड वार्नर और रिद्धिमान साहा के विकेट गंवा दिए। वार्नर को प्रसिद्ध कृष्णा ने पवेलियन भेजा जबकि साहा को लेफ्ट आर्म स्पिनर शाकिब अल हसन ने बोल्ड किया। हालांकि इसके बाद जानी बेयरस्टो और मनीष पांडेय ने तीसरे विकेट के लिए 92 रन की शानदार साझेदारी की। पैट कमिंस ने बेयरस्टो का विकेट लेकर इस साझेदारी का समापन किया।

    बेयरस्टो ने 40 गेंदों पर 55 रन की अपनी पारी में पांच चौके और तीन छक्के लगाए

    इसके बाद मोहममद नबी ने 14, विजय शंकर ने 11 और अब्दुल समद ने नाबाद 19 रन बनाये। आखिरी ओवर में हैदराबाद को जीत के लिए 22 रन चाहिए थे। इससे पहले 19वें ओवर में अब्दुल समद ने पैट कमिंस की गेंदों पर दो छक्के मारे थे लेकिन आंद्रे रसेल ने अंतिम ओवर में समद और मनीष पांडेय को ऐसा कोई मौका नहीं दिया। मनीष पांडेय ने 44 गेंदों पर नाबाद 61 रन में दो चौके और तीन छक्के लगाए। कोलकाता ने 10 रन से यह मुकाबला जीता और नीतीश राणा को उनकी 80 रन की शानदार पारी के लिए प्लेयर आॅफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।

    अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।