बहादुरी: बच्ची को मुंह में दबाकर ले जा रहा था तेंदुआ, मां ने ऐसे बचाई जान

मुम्बई (एजेंसी)। आज महाराष्ट्र के चंद्रपुर में एक ऐसी घटना घटित हुई जिससे आस-पास के लोगों में दहशत का माहौल है। दरअसल, महाराष्ट्र के चंद्रपुर में एक मां अपनी तीन साल की बेटी की जान बचाने के लिए तेंदुए से भिड़ गई। बताया जा रहा है कि बच्ची बीती रात 9 बजे अपने घर के आंगन में बैठकर खाना खा रही थी। तभी अचानक से उस पर तेंदुए ने हमला कर दिया और घसीटकर ले जाने लगा। अपनी बच्ची को तेंदुए के जबड़े में देख कर मां के होश उड़ गए। उसने बिना देरी किए डंडा उठाया और तेंदुए के पीछे भागी।

फिर उस पर डंडे से वार किया। डंडे का एक वार तेंदुए के मुंह पर पड़ी और उसने बच्ची को छोड़ दिया। वह फिर से हमला करने ही वाला था कि बच्ची की मां ने उस पर डंडे से लगातार कई वार कर दिए, जिसके बाद वह वहां से भाग गया। इस हमले में बच्ची की जान तो बच गई लेकिन वह गंभीर रूप से घायल हो गई। फौरन उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। इस घटना के बाद लोगों ने वन विभाग के 10 अधिकारियों और कर्मचारियों को बंधक बना लिया। लोग इस तेंदुए को जान से मारने की मांग कर रहे थे।

बच्ची की मां ने क्या कहा…

उधर बच्ची की मां ज्योति पुप्पलवार ने बताया कि मेरी बेटी घर के आंगन में खाना खा रही थी और मैं नहाने गई थी। नहाकर जैसे ही मैं बाहर निकली तो देखा कि तेंदुए मेरी बेटी को घसीटते हुए ले जा रहा है। मैंने बिना कुछ सोचे समझे उस पर डंडे से हमला कर दिया। हमले के बाद तेंदुए ने बच्ची को छोड़ दिया। लेकिन वह फिर से हमला करने की फिराक में था। मैंने उस पर लगातार डंडे से वार किए तो वह वहां से भाग गया।

Leopard Attack

दुगार्पुर परिसर में तेंदुए के हमले की यह कोई पहली घटना नहीं है। पिछले महीने ही तेंदुए के हमले से दो बुजुर्ग और दो बच्चों की जान गई है। अब तक इस परिसर में जंगली जानवरों के हमले से 15 लोगों की मौत हुई है, जिसमें 6 बच्चे भी शामिल हैं। ये 16वीं घटना है, जिसमें तीन साल की बच्ची गंभीर रूप से घायल हुई है।

तेंदुए को मारने का आदेश जारी

उधर, गुस्साए लोगों से 10 वन अधिकारियों और कर्मचारियों को छुड़ाने के लिए वन विभाग ने भी देर रात तेंदुए को मारने के आदेश जारी कर दिए। वन विभाग जारी आदेश के बाद लोगों ने वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को छोड़ा। अब तेंदुए को पकड़कर मारने के लिए सर्च आॅपरेशन चलाया जा रहा है।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here