हमसे जुड़े

Follow us

31.2 C
Chandigarh
Wednesday, April 15, 2026
More
    Home राज्य दिल्ली/यूपी एमएसपी प्रणाल...

    एमएसपी प्रणाली जारी रहेगी: प्रधानमंत्री

    MSP System

    नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कृषि सुधारों से संबंधित दो विधेयकों के पारित होने पर किसानों को बधाई देते हुए कहा है कि कृषि उपज खरीदने की न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) प्रणाली जारी रहेगी। प्रधानमंत्री ने राज्यसभा में रविवार को कृषि सुधारों के दो विधेयकों ‘कृषक उपज व्यापार और वाणिज्य (संवर्धन और सरलीकरण) विधेयक 2020’ तथा ‘कृषक (सशक्तिकरण और संरक्षण) कीमत आश्वासन एवं कृषि सेवा करार विधेयक 2020 के पारित होने के बाद एक ट्वीट श्रंखला में कहा, ‘मैं पहले भी कहा चुका हूं और एक बार फिर कहता हूं: एमएसपी की व्यवस्था जारी रहेगी। सरकारी खरीद जारी रहेगी। हम यहां अपने किसानों की सेवा के लिए हैं। हम अन्नदाताओं की सहायता के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे और उनकी आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर जीवन सुनिश्चित करेंगे।

    उन्होंने कहा कि हमारे कृषि क्षेत्र को आधुनिकतम तकनीक की तत्काल जरूरत है, क्योंकि इससे मेहनतकश किसानों को मदद मिलेगी। अब इन विधेयकों के पारित होने से हमारे किसानों की पहुंच भविष्य की टेक्नोलॉजी तक आसान होगी। इससे न केवल उपज बढ़ेगी, बल्कि बेहतर परिणाम सामने आएंगे। यह एक स्वागत योग्य कदम है। मोदी ने कहा कि दशकों तक हमारे किसान भाई-बहन कई प्रकार के बंधनों में जकड़े हुए थे और उन्हें बिचौलियों का सामना करना पड़ता था। संसद में पारित विधेयकों से अन्नदाताओं को इन सबसे आजादी मिली है। इससे किसानों की आय दोगुनी करने के प्रयासों को बल मिलेगा और उनकी समृद्धि सुनिश्चित होगी। उन्होंने कहा, ‘भारत के कृषि इतिहास में आज एक बड़ा दिन है। संसद में अहम विधेयकों के पारित होने पर मैं अपने परिश्रमी अन्नदाताओं को बधाई देता हूं। यह न केवल कृषि क्षेत्र में आमूलचूल परिवर्तन लाएगा, बल्कि इससे करोड़ों किसान सशक्त होंगे।

     

    अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।