कुएं में गिरा हाथी और फिर….

Published On

पत्थलगांव (एजेंसी)। छत्तीसगढ़ के जशपुर वन मंडल के पत्थलगांव वन परिक्षेत्र के कटंगजोर गांव में आज एक किसान के कुएं में गिरे हाथी को जेसीबी की मदद से सुरक्षित निकाल कर जंगल में छोड़ दिया गया। हालांकि इस हाथी को कुएं से बाहर निकालने का रास्ता बनाने में वन अमला और ग्रामीणों को घंटों तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी थी, लेकिन 8 घंटे के बाद हाथी सकुशल निकल कर जंगल चले जाने से सभी ने राहत की सांस ली है।

कैसे हुई घटना

वन मंडल अधिकारी जितेंद्र उपाध्याय ने बताया कि पत्थलगांव का कटंगजोर गांव के समीप कल देर रात 12 हाथियों का दल विचरण कर रहा था। कड़कड़ाती ठंड के दौरान गांव में हाथियों का बड़ा दल पहुंचने की सूचना मिलते ही गांव में दहशत फैल गई थी। इन हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ने के दौरान अचानक एक हाथी किसान के कुएं में गिर गया।

इस हाथी की चिंघाड़ सुनकर हाथियों का पूरा दल कुएं के समीप एकत्रित हो गया। हाथियों ने अपने दल के सदस्य को बाहर निकालने का काफी प्रयास किया, पर वे सफल नहीं हो सके। देर रात इस हाथी के कुएं में गिर जाने के बाद वन विभाग का अमला भी तत्काल मौके पर पहुंच गया और मदद के उपाय शुरू कर दिए थे। अंतत: आज सुबह कुएं में गिरे इस हाथी को जेसीबी की सहायता से बाहर निकाला गया। कुएं से बाहर निकलकर इस हाथी ने एक ग्रामीण को सूढ़ से पटक कर घायल भी कर दिया है।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts