हमसे जुड़े

Follow us

33 C
Chandigarh
Tuesday, March 10, 2026
More
    Home अन्य खबरें नवजोत सिद्धू ...

    नवजोत सिद्धू और चरनजीत सिंह चन्नी की बयानबाजी ने एक बड़े वर्ग को नाराज किया : बलबीर सिद्धू

    मोहाली (सच कहूँ न्यूज)। पूर्व मंत्री और कांग्रेसी नेता बलबीर सिंह सिद्धू ने पंजाब विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की शर्मनाक हार के लिए पूर्व मुख्यमंत्री चरनजीत सिंह चन्नी और कांग्रेस के प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू को दोषी ठहराया है। बलबीर सिद्धू ने कहा कि नवजोत सिद्धू और चरनजीत सिंह चन्नी की बयानबाजी ने राज्य में एक बहुत बड़े वर्ग को नाराज कर दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि कैप्टन अमरेन्द्र सिंह को हटाकर चरनजीत सिंह चन्नी को मुख्यमंत्री और नवजोत सिंह सिद्धू को कांग्रेस प्रधान बनाना बहुत बड़ी गलती थी, जिस कारण पार्टी को करारी हार का मुंह देखना पड़ा है। उल्लेखनीय है कि विधानसभा चुनावों में कांग्रेस 77 सीटों से सिमट कर 18 पर पहुंच गई है। बलबीर सिंह सिद्धू मोहाली से चुनाव हार गए हैं।

    गांधी परिवार ही कांग्रेस की पांचों राज्यों में हार के लिये जिम्मेदार: अमरिंदर

    पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पंजाब लोक कांग्रेस के प्रधान कैप्टन अमरिंदर सिंह ने हाल के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का सफाया होने के लिये पूरी तरह गांधी परिवार को जिम्मेदार बताया है। कैप्टन सिंह ने यहां कहा कि कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में अपनी गलतियों को विनम्रता पूर्वक कबूल करने के बजाय पंजाब चुनाव में बुरी तरह हार के लिये उन पर ही आरोप लगाया जा रहा है। कांग्रेस न केवल पंजाब में हारी बल्कि उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में भी चुनाव हारी और इसके शर्मनाक हार के लिये पूरी तरह गांधी परिवार जिम्मेदार है। अब लोग ही नहीं समूचा देश गांधी परिवार के नेतृत्व में भरोसा खो बैठा है।

    इसके बावजूद सच्चाई को नकारा जा रहा है। कैप्टन सिंह ने कहा कि कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता इसके लिए प्रदेश कांग्रेस की अंतरकलह तथा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू के पार्टी विरोधी बयानों को राज्य में कांग्रेस की हार के लिये जिम्मेदार बता रहे हैं। सीमावर्ती राज्य में पार्टी ने उसी दिन अपनी कब्र खोदना शुरू कर दिया था, जिस दिन एक अस्थिर मन और बड़बोले नवजोत सिद्धू और चरनजीत चन्नी जैसे भ्रष्ट व्यक्ति को चुनाव से कुछ माह पहले मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठाया था।

    अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here