फतेहाबाद। पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन, आईपीएस के कुशल निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत फतेहाबाद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सीआईए रतिया पुलिस टीम ने मर्डर व रेप के मामले में वांछित एक कुख्यात आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में काबू कर लिया।
इस संबंध में जानकारी देते हुए डीएसपी मुख्यालय एवं क्राइम कुलवंत सिंह ने बताया कि आरोपी महेन्द्र सिंह उर्फ निक्का पुत्र जीत सिंह निवासी आजाद नगर, फतेहाबाद (हाल किरायेदार गली नंबर-8, वाल्मीकि चौक, फतेहाबाद) जनवरी माह में सड़क किनारे मिली एक महिला की डेड बॉडी से जुड़े मर्डर व रेप के मामले में वांछित चल रहा था। आरोपी पहले भी सिरसा पुलिस की कस्टडी से फरार हो चुका था और लंबे समय से पंजाब क्षेत्र में छिपकर रह रहा था।
डीएसपी ने बताया कि सीआईए रतिया प्रभारी उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी अपनी पत्नी को साथ लेकर पंजाब जाने के उद्देश्य से क्षेत्र में आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी। इसी दौरान नगला के पास भाखड़ा नहर रोड पर पुलिस टीम को एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपी ने मोटरसाइकिल मोड़कर भागने की कोशिश की। इसी दौरान सड़क पर कंक्रीट होने के कारण मोटरसाइकिल फिसल गई और आरोपी नीचे गिर गया।
गिरते ही आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर लगातार चार राउंड फायरिंग कर दी। टीम में शामिल एएसआई रघुबीर सिंह को निशाना बनाकर चलाई गई दो गोलियां उनकी बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगीं, जबकि दो गोलियां पास से निकल गईं। बुलेटप्रूफ जैकेट के कारण एएसआई रघुबीर सिंह सुरक्षित बच गए।
पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें चली गोली आरोपी महेन्द्र सिंह उर्फ निक्का के पैर में लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही काबू कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध .32 बोर पिस्तौल, चार खाली खोल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां से उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह काफी समय से पंजाब में छिपकर रह रहा था और अपनी पत्नी को साथ लेकर वहां जाने की योजना बना रहा था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और उसके आपराधिक रिकॉर्ड की विस्तृत जांच की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने कहा कि फतेहाबाद पुलिस अपराधियों के खिलाफ पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई कर रही है। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। जिले में अपराध पर नियंत्रण और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
18 आपराधिक मामलों में रहा है शामिल आरोपी
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी महेन्द्र सिंह उर्फ निक्का के खिलाफ हरियाणा, राजस्थान और अन्य क्षेत्रों के विभिन्न थानों में चोरी, घर में सेंधमारी, फरारी, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं के तहत कुल 18 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके नेटवर्क और अन्य वारदातों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।















