हमसे जुड़े

Follow us

31.6 C
Chandigarh
Wednesday, March 11, 2026
More
    Home देश Weather News:...

    Weather News: हरियाणा, राजस्थान, यूपी वालों हो जाओ सावधान, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

    Weather News
    Weather News: हरियाणा, राजस्थान, यूपी वालों हो जाओ सावधान, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

    Weather News: सच कहूँ/संदीप सिंहमार। चंडीगढ़/हिसार। मौसम की विपरीत परिस्थितियों के कारण हरियाणा राजस्थान दिल्ली उत्तर प्रदेश व मध्य प्रदेश से लेकर गुजरात तक गर्मी का कहर बना हुआ है। पिछले 24 घंटे के दौरान पश्चिमी राजस्थान विशेषकर बाड़मेर व गुजरात में हीट वेव दर्ज की गई। राजस्थान व गुजरात में हीट वेव की पुष्टि भारत मौसम विभाग की मौसम वैज्ञानिक स्वर्णाली मजूमदार ने की। राजस्थान के बाड़मेर में अधिकतम तापमान 40.4 दर्ज किया गया। इसी प्रकार हरियाणा के महेंद्रगढ़ में अधिकतम तापमान 37.1 तो हिसार में 36.2 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार आगामी चार दिनों तक राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है। हालांकि इस दौरान एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ बनेगा। लेकिन उसका प्रभाव हरियाणा,राजस्थान,दिल्ली व गुजरात में देखने को नहीं मिलेगा। स्काईमेट वेदर के मुताबिक पश्चिम और मध्य भारत में तापमान बढ़ने के पीछे कई मौसम संबंधी कारण हैं। पिछले कुछ दिनों से देश के अधिकांश हिस्सों में मौसम बहुत शुष्क बना हुआ है। आसमान साफ रहने से दिन के समय सूरज की तेज किरणें सीधे जमीन तक पहुंच रही हैं, जिससे तापमान तेजी से बढ़ रहा है। बादलों की कमी के कारण सौर विकिरण अधिक प्रभावी हो रहा है और दिन का तापमान लगातार बढ़ रहा है। इसके अलावा पश्चिम और उत्तर-पश्चिम दिशा से आने वाली गर्म और शुष्क हवाएं उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के हिस्सों में फैल रही हैं। ये हवाएं शुष्क क्षेत्रों से गर्म हवा लेकर आ रही हैं, जिससे राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में गर्मी और बढ़ रही है। जिसका असर हरियाणा व दिल्ली में भी दिखाई दे रहा है।

    एंटी-साइक्लोन और कमजोर पश्चिमी विक्षोभ भी जिम्मेदार | Weather News

    पश्चिमी राजस्थान के ऊपर एक एंटी-साइक्लोन बना हुआ है, जो भी तापमान बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। एंटी-साइक्लोन के कारण हवा नीचे की ओर दबती है, जिससे बादल बनने की प्रक्रिया रुक जाती है और आसमान साफ रहता है। इसका सीधा असर तापमान में बढ़ोतरी के रूप में दिखाई देता है। इसके अलावा इस मौसम में पश्चिमी विक्षोभ की संख्या और तीव्रता भी कम रही है। सामान्य रूप से मजबूत पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय में बारिश और बर्फबारी लाते हैं, जिससे उत्तर भारत के तापमान को संतुलन मिलता है। लेकिन इस सर्दी में पश्चिमी हिमालय में बहुत कम बर्फबारी हुई और उत्तरी मैदानी इलाकों में लगभग बारिश नहीं हुई। नमी और वर्षा की कमी के कारण मौसम शुष्क बना रहा, जिससे तापमान तेजी से बढ़ने लगा।

    अभी राहत की उम्मीद नहीं

    मौसम मॉडलों के अनुसार अगले दो से तीन दिनों में तापमान में कोई बड़ी गिरावट आने की संभावना नहीं है। राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र और मध्य भारत के आसपास के कई इलाकों में दिन का तापमान सामान्य से काफी ऊपर बना रह सकता है। राजस्थान, गुजरात और विदर्भ के कुछ हिस्सों में पहले ही हीटवेव जैसी स्थिति दर्ज की जा चुकी है और फिलहाल इन क्षेत्रों में गर्मी का असर बना रह सकता है। कुल मिलाकर मौजूदा मौसम पैटर्न यह संकेत देता है कि पश्चिम और मध्य भारत में गर्मी इस बार सामान्य से पहले ही दस्तक दे चुकी है, जिसका मुख्य कारण लगातार शुष्क मौसम, कमजोर पश्चिमी विक्षोभ और क्षेत्र में बने उच्च दबाव के सिस्टम हैं।