श्रीगंगानगर में पेट्रोल 108 रुपये प्रति लीटर के करीब

petrol

पेट्रोल 29 पैसे, डीजल 31 पैसे तक महंगा

नई दिल्ली (एजेंसी)। तेल विपणन कंपनियों ने सोमवार को पेट्रोल-डीजल के दाम एक बार फिर बढ़ा दिये। इससे पहले रविवार को कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया था। कीमतों में सोमवार की बढ़ोतरी से दोनों जीवाश्म र्इंधन महंगाई के नए शिखर पर पहुंच गये हैं। देश के चार प्रमुख महानगरों में पेट्रोल 29 पैसे तक और डीजल 31 पैसे तक महंगा हुआ। इसके साथ ही राजस्थान के श्रीगंगानगर में पेट्रोल 107 रुपये 60 पैसे प्रति लीटर और डीजल 100 रुपये 29 पैसे प्रति लीटर पर पहुंच गया।

अग्रणी तेल विपणन कंपनी इंडियन आॅयल कॉर्पोरेशन के अनुसार, दिल्ली में पेट्रोल 29 पैसे महंगा होकर 96.41 रुपये और डीजल 30 पैसे महंगा होकर 87.28 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया। कीमतों में बढ़ोतरी का मौजूदा क्रम 04 मई को शुरू हुआ था। दिल्ली में मई महीने के दौरान पेट्रोल 3.83 रुपये और डीजल 4.42 रुपये महंगा हुआ था। जून में अब तक पेट्रोल की कीमत 2.18 रुपये और डीजल की कीमत 2.13 रुपये बढ़ चुकी है। मुंबई में पेट्रोल की कीमत 28 पैसे और डीजल की 31 पैसे बढ़ी। वहां एक लीटर पेट्रोल 102.58 रुपये और डीजल 94.70 रुपये का हो गया।

चेन्नई में पेट्रोल 26 पैसे महंगा होकर 97.69 रुपये और डीजल 28 पैसे की बढ़ोतरी के साथ 91.92 रुपये प्रति लीटर के भाव बिका। कोलकाता में पेट्रोल की कीमत 28 पैसे और डीजल की 29 पैसे बढ़ी। वहां पेट्रोल अब 96.34 रुपये और डीजल 90.12 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया है। पेट्रोल-डीजल के मूल्यों की रोजाना समीक्षा होती है और उसके आधार पर हर दिन सुबह छह बजे से नयी कीमतें लागू की जाती हैं। देश के चार महानगरों में आज पेट्रोल और डीजल के दाम इस प्रकार रहे:

शहर            पेट्रोल रुपये/लीटर              डीजल रुपये/लीटर

दिल्ली           96.41                                       87.28
मुंबई            102.58                                      94.70
चेन्नई            97.69                                        91.92
कोलकाता       96.34                                       90.12

 

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।