हमसे जुड़े

Follow us

33.5 C
Chandigarh
Friday, March 13, 2026
More

    NCERT Fake Books Recovered: दिल्ली में एनसीईआरटी की नकली किताबों का भंडाफोड़, गोदाम से 5000 से अधिक पुस्तकें बरामद

    New Delhi News
    सांकेतिक फोटो

    NCERT Fake Books Recovered: नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में क्राइम ब्रांच ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एनसीईआरटी की नकली पाठ्य पुस्तकों के अवैध भंडारण का खुलासा किया है। पुलिस ने शाहबाद दौलतपुर क्षेत्र में स्थित एक गोदाम पर छापा मारकर हजारों फर्जी किताबें बरामद कीं और इस मामले में गोदाम संचालक को गिरफ्तार कर लिया। Delhi News

    पुलिस के अनुसार छापेमारी के दौरान कक्षा पहली से बारहवीं तक की कुल 5011 नकली किताबें जब्त की गईं। इन पुस्तकों को हिंदी और अंग्रेजी दोनों माध्यमों में तैयार कर बाजार में बेचने की तैयारी की जा रही थी। अधिकारियों ने बताया कि 12 मार्च को क्राइम ब्रांच को गुप्त सूचना मिली थी कि शाहबाद दौलतपुर स्थित एक गोदाम में बड़ी मात्रा में एनसीईआरटी की नकली किताबें रखी गई हैं। सूचना के आधार पर विशेष टीम का गठन किया गया, जिसने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की।

    जांच के दौरान एनसीईआरटी से जुड़े अधिकारियों को भी मौके पर बुलाया गया। उन्होंने पुस्तकों की जांच करने के बाद पुष्टि की कि ये सभी पुस्तकें असली नहीं हैं, बल्कि अवैध रूप से तैयार की गई प्रतियां हैं। इसके बाद पुलिस ने गोदाम के मालिक अरविंद कुमार को गिरफ्तार कर लिया। Delhi News

    आरोपी मूल रूप से बिहार का निवासी है

    पुलिस ने बताया कि आरोपी मूल रूप से बिहार का निवासी है और वर्ष 2003 में दिल्ली आकर रहने लगा था। उसने दिल्ली विश्वविद्यालय के हंसराज कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई की और बाद में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय से परास्नातक की डिग्री प्राप्त की। प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता न मिलने के बाद उसने कुछ वर्ष पहले नकली पुस्तकों के अवैध कारोबार की शुरुआत की थी।

    जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले भी इस प्रकार के मामलों में संलिप्त रहा है। उसके खिलाफ पूर्व में भी कॉपीराइट कानून के उल्लंघन से जुड़े मामले दर्ज किए जा चुके हैं। इस प्रकरण में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के साथ-साथ कॉपीराइट अधिनियम और ट्रेडमार्क अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।

    क्राइम ब्रांच की टीम अब इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इन नकली पुस्तकों की छपाई, भंडारण और वितरण में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। Delhi News