फसलों की कटाई से पहले किसानों की मेहनत पर फिरा पानी
- गेहूँ पैदावार में भारी गिरावट आने की संभावना
संगरूर (सच कहूँ/नरेश कुमार)। Sangrur News: बीती रात हुई बेमौसमी बारिश और तेज हवाओं ने पंजाब के किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। छह महीने की मेहनत से तैयार हुई गेहूं की फसल कटाई से ठीक पहले खेतों में बिछ गई। किसानों का कहना है कि इससे पैदावार में भारी गिरावट आएगी। तेज हवाओं और बारिश से कई जगहों पर फसल गिर गई है। अधिक नमी के कारण दाने का रंग काला पड़ने की आशंका है, जिससे मंडियों में कीमत कम मिलने का डर है। गिरी हुई फसल को मशीन से काटना मुश्किल हो जाता है, जिससे समय और खर्च दोनों बढ़ जाते हैं। किसानों ने कहा कि उन्होंने महंगी खाद डालकर फसल तैयार की थी, लेकिन मौसम ने सब कुछ बर्बाद कर दिया। उन्होंने सरकार से मांग की है कि तुरंत गिरदावरी करवाई जाए और प्रति एकड़ के हिसाब से मुआवजा दिया जाए। साथ ही मंडियों में नमी की मात्रा पर छूट दी जाए ताकि खरीद में दिक्कत न हो। Sangrur News
सरकार विशेष मुआवजा दे: किसान नेता
संगरूर के किसान नेता अमन पूनिया ने कहा कि खेती पहले ही घाटे का सौदा बन चुकी है। बेमौसमी बारिश ने किसानों को और नुकसान पहुंचाया है। जिन इलाकों में ओलावृष्टि हुई है, वहां सरकार को विशेष मुआवजा देना चाहिए। डॉ. ए.एस. मान ने कहा कि सरकार को फसल बीमा योजना लागू करनी चाहिए ताकि प्राकृतिक आपदाओं से किसानों को बचाया जा सके।
अधपकी गेहूँ काटने लगे किसान | Sangrur News
स्थानीय किसान बग्गा सिंह ने बताया कि खराब मौसम के कारण कई किसान अधपकी गेहूं की फसल काटने लगे हैं। इससे फसल को बेचने और भंडारण में दिक्कतें आएंगी। लगातार खराब मौसम से पैदावार घटने की आशंका है, जिससे किसानों को दोहरी मार झेलनी पड़ेगी।
यह भी पढ़ें:– विधायक राय ने सड़क परियोजना का रखा नींव पत्थर, 4.44 करोड़ की राशि होगी खर्च















