एथलेटिक्स व तैराकी में शाह सतनाम जी बॉयज स्कूल का बजा डंका

विजेता खिलाड़ियों ने पापा कोच सेंट डॉ. एमएसजी को दिया सफलता का पूरा श्रेय

  • दोनों खेलों में हासिल किए 36 गोल्ड सहित 85 पदक

सरसा (सच कहूँ न्यूज)। शाह सतनाम जी बॉयज स्कूल, सरसा के खिलाड़ियों ने एथलेटिक्स की जिला स्तरीय स्कूली खेलकूद प्रतियोगिता व तैराकी की विभिन्न प्रतियोगिताओं में 36 स्वर्ण, 32 रजत तथा 17 कांस्य पदक जीतकर अपने खेल का लोहा मनवाया है। शनिवार को विद्यालय में विजेता खिलाड़ियों व उनके प्रशिक्षकों को प्रधानाचार्य आरके धवन इन्सां, प्रशासक डॉ. हरदीप सिंह इन्सां, खेल इंजार्च अजमेर इन्सां ने सम्मानित कर उनका हौसला बढ़ाया और भविष्य की प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए शुभकामनाएं दी। वहीं सभी विजेता खिलाड़ियों ने अपने इस शानदार खेल प्रदर्शन का पूरा श्रेय पापा कोच पूज्य गुरू संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां को देते हुए बताया यह सब उन्हीं की पावन प्रेरणाओं व मार्गदर्शन की बदौलत संभव हो पाया है।

यह भी पढ़ें:– अगस्त में व्हाट्सएप ने 23.28 लाख खातों पर लगाया प्रतिबंध

विद्यालय के तैराकी कोच प्रवीण इन्सां व एथलेटिक्स कोच गजेंद्र इन्सां ने बताया कि एमएसजी भारतीय खेल गांव में आयोजित तैराकी प्रतियोगिताओं के अंडर-14, 17 एवं 19 आयुवर्ग में शाह सतनाम जी बॉयज स्कूल के खिलाड़ियों ने भाग लेते हुए 17 स्वर्ण, 12 रजत व 2 कांस्य पदक अपने नाम किया। इसी प्रकार जिला तैराकी एसोसिएशन द्वारा कराई गई जिलास्तरीय प्रतियोगिता में स्कूल के खिलाड़ियों ने दो स्वर्ण, एक रजत और तीन कांस्य पदक हासिल किए। इसी खेल की अंबाला में हुई राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में स्कूल के खिलाड़ियों ने 1 स्वर्ण, 6 रजत तथा दो कांस्य पदक प्राप्त कर स्कूल का नाम रोशन किया।

खेल हमारे जीवन का अहम हिस्सा: प्रधानाचार्य

प्रधानाचार्य राकेश धवन इन्सां ने अपने संबोधन में कहा कि शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए इस तरह की प्रतियोगितओं में बच्चों को भाग लेना जरूरी है। उन्होंने कहा कि उनका विद्यालय बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रारंभ से ही प्रयासरत है। खेल हमारे जीवन का अहम हिस्सा हैं। हमें इन्हें जीवन का अनिवार्य अंग बनाना चाहिए। प्रधानाचार्य महोदय ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनका मुंह मीठा करवाया। अंत में पूज्य गुरू संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां के पावन मार्गदर्शन पर इसी तरह चलकर सफलताएं प्राप्त करने का आह्वान किया।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।