हमसे जुड़े

Follow us

31.2 C
Chandigarh
Wednesday, April 15, 2026
More
    Home देश Blood Pressur...

    Blood Pressure: ब्लड प्रेशर के मरीजों के लिए लाभकारी है शीतकारी प्राणायाम

    Sheetkari Pranayama
    Sheetkari Pranayama: ब्लड प्रेशर के मरीजों के लिए लाभकारी है शीतकारी प्राणायाम

    Sheetkari Pranayama: आधुनिक जीवनशैली ने जहां सुविधाएं बढ़ गई हैं, वहीं स्वास्थ्य पर इसका गहरा असर भी पड़ा है। अनियमित दिनचर्या, तनाव और असंतुलित खानपान के कारण हाई ब्लड प्रेशर आज एक आम लेकिन गंभीर समस्या बन चुका है। विश्व स्तर पर करोड़ों लोग इससे जूझ रहे हैं, जबकि भारत में यह हृदय रोग और स्ट्रोक का प्रमुख कारण बनता जा रहा है। विशेषज्ञ मानते हैं कि दवाओं के साथ यदि जीवनशैली में सुधार और योग को अपनाया जाए, तो इस समस्या पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। ऐसे में शीतकारी प्राणायाम एक सरल और प्रभावी उपाय के रूप में उभर रहा है।

    शीतकारी प्राणायाम योग की एक ऐसी श्वास तकनीक है, जो शरीर को ठंडक प्रदान करता है। खासकर गर्मियों में इसका महत्व और बढ़ जाता है। इस प्रक्रिया में मुंह से श्वास ली जाती है, जिससे शरीर के तापमान में संतुलन आता है। यह अभ्यास तनाव को कम करने में सहायक होता है और शरीर के आॅटोनॉमिक नर्वस सिस्टम को संतुलित करता है। परिणामस्वरूप, पैरासिम्पेथेटिक नर्वस सिस्टम सक्रिय होकर शरीर को शांति और स्थिरता की अवस्था में लाता है, जिससे रक्तचाप पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।

    दिल से लेकर दिमाग तक असर | Sheetkari Pranayama

    शीतकारी प्राणायाम केवल रक्तचाप को नियंत्रित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके कई व्यापक स्वास्थ्य लाभ हैं। यह हृदय की धड़कन को स्थिर रखता है और तनाव व चिंता को कम करता है, जिससे मानसिक रूप से दिमाग को शांति मिलती है। शरीर में ठंडक पैदा कर यह पित्त दोष को संतुलित करता है और गर्मी से जुड़ी समस्याओं में राहत देता है। इसके नियमित अभ्यास से श्वास दर नियंत्रित होती है, आॅक्सीजन का बेहतर उपयोग होता है और फेफड़ों की क्षमता में सुधार आता है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि यह एक सुरक्षित अभ्यास है, जिसे दवाओं के साथ पूरक चिकित्सा के रूप में भी अपनाया जा सकता है।

    सही अभ्यास और सावधानियां

    शीतकारी प्राणायाम के लिए शांत वातावरण में ध्यान मुद्रा में बैठना आवश्यक है। पीठ सीधी रखें, आंखें बंद करें और हाथों को घुटनों पर टिकाएं। दांतों को हल्का सा मिलाकर उनके बीच से धीरे-धीरे सांस अंदर लें और फिर मुंह बंद कर नाक से सांस बाहर छोड़ें। इस प्रक्रिया को रोजाना लगभग 10 मिनट तक दोहराया जा सकता है। हालांकि, कुछ सावधानियां जरूरी हैं—हाई ब्लड प्रेशर के मरीज डॉक्टर की सलाह से ही इसे शुरू करें। सर्दी, साइनस या सांस संबंधी समस्याओं में सतर्क रहें, और गर्भवती महिलाओं या गंभीर रोगियों को विशेषज्ञ मार्गदर्शन लेना चाहिए। नियमित अभ्यास से यह प्राणायाम न केवल रक्तचाप को संतुलित करता है, बल्कि समग्र स्वास्थ्य को भी बेहतर बनाता है।

    यह भी पढ़ें:– भगवंत मान सरकार सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क में क्रांतिकारी बदलाव के लिए पी.आर.टी.सी. और पनबस में 1,265 बसें करेगी शामिल: हरपाल सिंह चीमा