अमेरिकाः टेक्सास में स्कूल में गोलीबारी, 18 बच्चों सहित 21 की मौत

Colorado Shooting

ह्यूस्टन। अमेरिका में टेक्सास में एक प्राथमिक स्कूल में गोलीबारी में मरने वालों की संख्या बढ़कर 21 हो गई है, जिसमें 18 बच्चे शामिल हैं। टेक्सास के सार्वजनिक सुरक्षा विभाग का हवाला देते हुए एक सीनेटर ने मंगलवार को यह जानकारी दी। टेक्सास के गवर्नर ग्रेग एबॉट ने कहा कि मंगलवार दोपहर उवाल्डे शहर में एक 18 वर्षीय युवक ने स्कूल में गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया।

टेक्सास स्कूल में गोलीबारी, बाइडेन ने किया कार्रवाई का आह्वान

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने टेक्सास के प्राथमिक स्कूल में हुई गोलीबारी में कम से कम 18 बच्चों की मौत पर गुस्सा, निराशा और दुख व्यक्त किया है। टेक्सास के एक प्राथमिक विद्यालय में एक बंदूकधारी द्वारा 18 बच्चों की हत्या के बाद राष्ट्रपति बाइडेन ने आग्नेयास्त्रों पर नए प्रतिबंधों का आह्वान किया। राष्ट्रपति ने कहा,”भगवान के नाम पर हम बंदूक की लॉबी के लिए खड़े होने जा रहे हैं।” उन्होंने कहा,”यह समय है कि हम इस दर्द को कार्रवाई में बदल दें, एक बच्चे को खोने पर आत्मा को कष्ट पहुंचा है। सीने में एक खोखलापन है। ऐसा लगता है कि इसमें फंस गए हैं और कभी बाहर नहीं निकल पाएंगे।” उप राष्ट्रपति कमला हैरिस ने कहा,’अब बहुत हो गया है। एक राष्ट्र के रूप में, हमें कार्रवाई करने और ऐसा दोबारा होने से रोकने का साहस होना चाहिए। हमारे देश के लिए बंदूक लॉबी के सामने खड़े होने और उचित बंदूक सुरक्षा कानून पारित करने का लंबा समय हो गया है। एक राष्ट्र के रूप में, हमारे पास कार्रवाई करने और इसे फिर कभी होने से रोकने का साहस होना चाहिए।”

अमेरिकी हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स की स्पीकर नैन्सी पेलोसी ने कहा,”आज रॉब एलीमेंट्री स्कूल में छोटे स्कूली बच्चों और एक शिक्षक के निर्दय हत्याकांड की पीड़ा और आक्रोश बताने के लिए शब्द नहीं हैं। प्रार्थना करते समय सभी अमेरिकियों के दिल टूट गए हैं। उन परिवारों के लिए जो हमेशा के लिए बिखर गए और एक समुदाय हमेशा के लिए आहत हो गया।” पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कहा,”देश भर में माता-पिता अपने बच्चों को बिस्तर पर लिटा रहे हैं, कहानियां सुना रहे हैं, लोरी गा रहे हैं और मन ही मन वे चिंतित हैं कि कल क्या होगा, जब वे अपने बच्चों को स्कूल भेजेंगे। उन्होंने कहा,”यह कार्रवाई के लिए लंबा समय है।

भगवान पीड़ितों को साहस दें और मृतकों की आत्मा को शांति प्रदान करें।” व्हाइट हाउस के प्रेस सचिव जेन साकी ने कहा,”अमेरिका में बच्चों की मौत का प्रमुख कारण बंदूकें हैं। बफ़ेलो में शूटिंग इस साल दो सप्ताह से भी कम समय में सबसे खराब थी। यह दुर्लभ नहीं है।” टेक्सास के एक प्राथमिक विद्यालय में मंगलवार को हुई गोलीबारी में कम से कम 18 छात्रों और दो शिक्षकों की मौत हो गई। इस गोलीबारी में बंदूकधारी को मार दिया गया, जिसने बच्चों और शिक्षकों पर गोली चलाई थी। बंदूकधारी के साथ गोलीबारी में दो सुरक्षा बल भी घायल हो गए। अधिकारियों ने कहा कि एक जवान के सिर में गोली लगी है, दोनों की हालत स्थिर है।

अमेरिका में क्यों होती है गोलीबारी

अमेरिका में जब भी इस तरह की घटनाएं होती हैं, एक विवादित मुद्दा फिर चर्चा में आ जाता है। यह है अमेरिका में बंदूकों की खुलेआम बिक्री। इस मुद्दे पर सीएनएन की एक रिपोर्ट बताती है कि क्यों अमेरिका में बंदूक खरीदना कोई मुश्किल काम नहीं है। यहां सैकड़ों की तादाद में स्टोर खुले हुए हैं जहां बंदूकें बेची जाती हैं। इनमें वॉलमार्ट जैसे बड़े शॉपिंग आउटलेट से लेकर छोटी-छोटी दुकानें भी शामिल हैं। यह सुनने में कुछ अजीब जरूर लग सकता है लेकिन पूरे अमेरिका में हर हफ़्ते के अंत में बंदूकों की प्रदर्शनी लगती है।

अमेरिका में कैसे मिलता है लाइसेंस

अमेरिका में आम लोग भी नियमित रूप से अपने पड़ोस से या परिवार के सदस्यों से बंदूकें खरीदते हैं। हथियारों के इस खुले लेन-देन में कोई जांच-पड़ताल नहीं होती। जांच केवल दुकान से बंदूक खरीदने पर ही होती है। दुकान में खरीदार की पृष्ठभूमि के बारे में पूछा जाता है। इस दौरान उन्हें बस एक फॉर्म भरना होता है। इसमें खरीदार को अपना नाम, पता, जन्मतिथि और नागरिकता की जानकारी देनी होती है। हर अमेरिकी नागरिक का एक सामाजिक सुरक्षा नंबर होता है। फॉर्म में इसे ह्यविकल्पह्ण के तौर रखा गया है। यानी आप इसे भरें या ना भरें आपकी मर्ज़ी।

फॉर्म में कुछ सवालों के जवाब भी लिखने होते हैं जो कुछ इस तरह होते हैं…

  • क्या आपको कभी किसी बड़े अपराध में सजा मिली है?
  • क्या आपको घरेलू हिंसा के अपराध में सजा मिली है?
  • क्या आप कानून का पालन न करने वाले व्यक्ति हैं?
  • क्या आपको गांजा, उत्तेजक पदार्थ, नशीली दवाओं या नशा करने वाले अन्य पदार्थों की लत है?
  • क्या आप कानूनी रूप से भगोड़े हैं?
  • क्या आप कभी पागलखाने में रहे हैं?

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।