हमसे जुड़े

Follow us

33 C
Chandigarh
Tuesday, March 10, 2026
More
    Home राज्य राजस्थान राजस्थान मंत्...

    राजस्थान मंत्रिमंडल में विस्तार और संगठन में फेरबदल की अटकलें तेज

    Ashok-Gehlot sachkahoon

    पंजाब कांग्रेस प्रभारी के बयान ने बढ़ाई सरगर्मियां

    जयपुर (एजेंसी)। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में भाग लेने के लिए दिल्ली जाने पर प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार एवं संगठन में फेरबदल की अटकलें और तेज हो गई हैं। पंजाब में कैप्टन अमरिंदर सिंह को बदलने के समय पंजाब कांग्रेस के प्रभारी हरिश चौधरी ने एक बयान में यह कहा था कि गहलोत का प्लेन जब दिल्ली उत्तर जाएगा, तब मानना कि मंत्रिमंडल का विस्तार शीघ्र होने वाला है। प्रदेश के राजस्व मंत्री चौधरी से उस समय पूछा गया था कि मंत्रिमंडल का विस्तार कब होगा। बयान के आधार पर प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चा ने जोर पकड़ा है। इससे पहले राजस्थान कांग्रेस के प्रभारी अजय माकन द्वारा मंत्रिमंडल विस्तार के बारे में कई बार संकेत दिये लेकिन यह चर्चा तक ही सीमित रह गया।

    माकन ने जयपुर में विधायकों से मिलकर सरकार और मंत्रियों के बारे में रायशुमारी भी ली। इस आधार पर माकन ने कुछ मंत्रियों को हटाने और संगठन के काम में लगाए जाने के संकेत दिए थे। चिकित्सा मंत्री डॉ. रघु शर्मा को हाल ही में गुजरात का प्रभारी बनाना इसी कवायद का हिस्सा माना जा रहा है। पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट के बगावत करने के बाद हुए समझौते में मंत्रिमंडल विस्तार पर उनके विधायकों को लेने की शर्त पर पिछले समय से कयास ही लगते रहे हैं। पायलट भी अपने समझौते की शर्त को मनवाने के लिए दबाव बनाना शुरू किया, लेकिन कुछ समय से वह भी इस मामले में चुप्पी साधे हुए हैं। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी चुप्पी साध रखी थी। बाद में उनका स्वास्थ्य भी खराब हो गया तथा विधानसभा उपचुनाव के कारण भी मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चा बंद पड गई।

    अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।