हमसे जुड़े

Follow us

9.8 C
Chandigarh
Thursday, February 5, 2026
More
    Home कारोबार फेड रिजर्व के...

    फेड रिजर्व के ब्याज दर में कटौती से शेयर बाजार नये शिखर पर

    Mumbai
    Mumbai फेड रिजर्व के ब्याज दर में कटौती से शेयर बाजार नये शिखर पर

    मुंबई (एजेंसी)। अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व के ब्याज दर में आधी फीसदी की कटौती से विश्व बाजार की तेजी से उत्साहित निवेशकों की स्थानीय स्तर पर हुई एनटीपीसी, मारुति, एचडीएफसी बैंक, टाटा मोटर्स और रिलायंस समेत उन्नीस दिग्गज कंपनियों में हुई लिवाली की बदौलत आज शेयर बाजार नयी ऊंचाई पर पहुंच गया। बीएसई का तीस शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 236.57 अंक की तेजी के साथ 83,184.80 अंक के सार्वकालिक उच्चतम स्तर पर बंद हुआ। साथ ही नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 38.25 अंक की मामूली बढ़त लेकर 25,415.80 अंक के रिकॉर्ड स्तर पर रहा। हालांकि फेड के फैसले का बीएसई की मझौली और छोटी कंपनियों के शेयरों पर नकारात्मक असर रहा। मिडकैप 0.53 प्रतिशत की गिरावट लेकर 48,600.14 अंक और स्मॉलकैप 1.06 प्रतिशत लुढ़ककर 56,312.66 अंक रह गया।

    इस दौरान बीएसई में कुल 4075 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ, जिनमें से 2734 में बिकवाली जबकि 1246 में लिवाली हुई वहीं 95 में कोई बदलाव नहीं हुआ। वहीं, निफ्टी की 30 कंपनियों में तेजी जबकि शेष 20 में गिरावट रही। फेड रिजर्व के अध्यक्ष जेरोम पॉवले ने ओपेन मार्केट कमेटी (एफओएमसी) की बुधवार देर रात समाप्त हुई मौद्रिक नीति समीक्षा बैठक के बाद संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘हमने एक अच्छी मजबूत शुरूआत की और मुझे बहुत खुशी है कि हमने ऐसा किया।” उन्होंने अपने बढ़ते विश्वास को ध्यान में रखते हुए कहा कि देश की उच्च मुद्रास्फीति के साथ लड़ाई खत्म हो गई है। इसको ध्यान में रखते हुए फेड ने अपनी नीतिगत दर में 50 आधार अंकों की कटौती की है।

    फेड के इस फैसले से निवेशकों की निवेश धारणा मजबूत हुई और शुरूआत कारोबार में सेंसेक्स 825 अंक और निफ्टी ने 234 अंक की छलांग लगाई लेकिन उच्च मूल्यांकन पर दोपहर में हुई भारी मुनाफावसूली के दबाव में दोनों मानक सूचकांकों की तेज रफ्तार को धीमा कर दिया। इससे बीएसई के नौ समूहों में लिवाली जबकि अन्य 11 में बिकवाली हुई। इस दौरान सीडी 0.34, एफएमसीजी 0.40, वित्तीय सेवाएं 0.14, यूटिलिटीज 0.18, आॅटो 0.32, बैंकिंग 0.46, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 0.64, पावर 0.01 और रियल्टी समूह के शेयर 0.47 प्रतिशत मजबूत रहे जबकि दूरसंचार 3.89, ऊर्जा 1.22, इंडस्ट्रियल्स 1.56, कैपिटल गुड्स 1.46, तेल एवं गैस 1.81 और सर्विसेज समूह के शेयर 1.22 प्रतिशत लुढ़क गए। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर तेजी का रुख रहा। इस दौरान ब्रिटेन का एफटीसीए 1.15, जर्मनी का डैक्स 1.39, जापान का निक्केई 2.13, हांगकांग का हैंगसेंग 2.00 और चीन के शंघाई कम्पोजिट ने 0.69 प्रतिशत की छलांग लगाई।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here