भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक: प्रधानमंत्री मोदी ने किया उद्घाटन

हैदराबाद (एजेंसी)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक आज शाम यहां शुरू हुई जिसमें पार्टी का देश में जनाधार बढ़ाने के लिए एक चतुष्कोणीय रणनीति पर चर्चा होने के साथ ही देश के राजनीतिक हालात एवं अर्थव्यवस्था को लेकर दो प्रस्ताव पेश किये जाएंगे। तेलंगाना की राजधानी स्थित हाइटेक सिटी में एक होटल में कार्यक्रम स्थल पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पहुंचने पर भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने उनकी अगवानी की। अंदर हॉल में पहुंचने पर मोदी, नड्डा और राज्यसभा के नेता सदन केन्द्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने भारतमाता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण करके श्रद्धांजलि दी और दीप प्रज्ज्वलित करके बैठक का औपचारिक शुभारंभ किया। इसके बाद नड्डा ने औपचारिक रूप से मोदी का अंगवस्त्र पहना कर एवं पुष्पगुच्छ भेंट करके स्वागत किया और फिर राष्ट्रीय गीत वंदेमातरम् का गायन किया गया। इसके पश्चात कार्यकारिणी की बैठक शुरू हुई। कार्यकारिणी की बैठक रविवार शाम चार बजे तक चलेगी और इसके बाद शाम को परेड मैदान में मोदी की एक जनसभा होगी। प्रधानमंत्री मोदी पूरे समय कार्यकारिणी की बैठक में हर चर्चा सुनेंगे। बैठक में केन्द्रीय मंत्रिमंडल के सदस्य, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश संगठन महामंत्री समेत कुल 340 प्रतिनिधि शामिल हैं।

भारत की वृद्धि दर 8.7 प्रतिशत

राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के पहले पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक हुई जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा, संगठन महामंत्री बी एल संतोष, पार्टी के सभी उपाध्यक्ष, महासचिव सचिव, प्रदेश प्रभारी उपस्थित थे। भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे सिंधिया ने पदाधिकारियों की बैठक के बारे में यहां संवाददाताओं को बताया कि बैठक में सबसे पहले उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा, मणिपुर के विधानसभा चुनावों के साथ निकाय चुनावों एवं उपचुनावों में भाजपा की जीत की सराहना की गयी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने अपने उद्बोधन में चुनावों में मिली जीत के लिए प्रधानमंत्री मोदी की सरकार की गरीब कल्याण योजनाओं को श्रेय दिया और कहा कि पूरी दुनिया में कोविड के पश्चात अर्थव्यवस्था चरमराई हुई है और विश्व की वृद्धि दर करीब छह प्रतिशत के स्तर पर है जबकि भारत की वृद्धि दर 8.7 प्रतिशत के स्तर पर लगातार प्रगति कर रही है। ये मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की बहुत बड़ी उपलब्धि है।

बूथ को कैसे मजबूत किया जाए

उन्होंने बताया कि बैठक में पार्टी के जनाधार को और मजबूत करने के लिए नेताओं के प्रवास कार्यक्रमों पर जोर देने तथा बूथ को मजबूत करने की सोच थी। हर बूथ पर कम से कम दो सौ सक्रिय कार्यकर्ता तैयार करने एवं व्हाट्सअप ग्रुप बनाने की आवश्यकता है। बूथ अध्यक्ष एवं कार्यकतार्ओं से प्रदेश अध्यक्ष एवं संगठन महामंत्री का एक या दो सप्ताह के अंतर पर संपर्क स्थापित होना ‘बहुत महत्वपूर्ण’ है। संपर्क साधने के साथ ही अंत्योदय के लिए गहन अभियान चलाने की भी जरूरत है। सुश्री वसुंधरा राजे ने कहा कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में दो प्रस्ताव -राजनीतिक प्रस्ताव तथा आर्थिक एवं गरीब कल्याण प्रस्ताव पेश किया जाएगा और मेजबान राज्य तेलंगाना की स्थिति पर एक वक्तव्य पेश किया जाएगा। राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में प्रस्तावों के मसौदे पर भी चर्चा हुई।

उन्होंने यह भी बताया कि आजादी के अमृत महोत्सव में हर घर में तिरंगा कार्यक्रम आयोजित करने और करीब 20 करोड़ घरों तक संपर्क करके देश को एकजुट करने का उपक्रम किया जाएगा। इसके अलावा 30 करोड़ लाभार्थियों तक संपर्क करके उन्हें और लाभ देने एवं पार्टी के साथ जोड़ने के उपायों पर जोर दिया गया। यह पूछे जाने पर कि क्या बैठक में उदयपुर में एक दर्जी कन्हैयालाल की जिहादी तरीके से हत्या किये जाने और नूपुर शर्मा प्रकरण पर चर्चा होने और राजनीतिक प्रस्ताव में इसका उल्लेख किये जाने की संभावना है, सुश्री वसुंधरा राजे ने कहा कि सभी समसामयिक विषयों पर बात होगी। उन्होंने एक सवाल के जवाब में बताया कि राजनीतिक प्रस्ताव आज देर शाम तक पेश किया जाएगा।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।