हमसे जुड़े

Follow us

21.4 C
Chandigarh
Monday, March 9, 2026
More
    Home राज्य हरियाणा 8 घंटे में हत...

    8 घंटे में हत्यारोपी गिरफ्तार: कुल्हाड़ी से पत्नी की हत्या कर श्मशान में छिपा था आरोपी

    Bhuna News
    Bhuna News: हत्यारोपी सुखविंदर सिंह को काबू किए हुए थानाध्यक्ष ओमप्रकाश बिश्नोई

    जांडली खुर्द में सनसनीखेज वारदात, अंतिम संस्कार के समय मां की अर्थी से लिपटकर रोते रहे 12 वर्षीय बेटी और 9 वर्षीय बेटा

    • नशे को लेकर होता था पति-पत्नी में विवाद

    भूना (सच कहूँ/संगीता रानी)। Bhuna News: जांडली खुर्द गांव में शनिवार दोपहर हुई महिला की हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने महज आठ घंटे के भीतर ही आरोपी पति को काबू कर लिया। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद जब महिला का अंतिम संस्कार किया गया तो माहौल बेहद गमगीन हो गया। इस दौरान 12 वर्षीय बेटी और 9 वर्षीय बेटा अपनी मां की अर्थी से लिपटकर जोर-जोर से रोते हुए उसे पुकारते रहे। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं। थानाध्यक्ष ओमप्रकाश बिश्नोई ने बताया कि शनिवार की दोपहर बाद पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव जांडली खुर्द में एक महिला सुदेश को उसके पति सुखविंद्र सिंह उर्फ घोघड़ ने गंभीर चोटें मार दी हैं।

    सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। इस मामले में शिकायतकर्ता राजबीर उर्फ राजू निवासी हसनगढ़ जिला हिसार ने बयान दिया कि उसकी बहन सुदेश की शादी गांव जांडली खुर्द निवासी सुखविंद्र सिंह उर्फ घोघड़ के साथ हुई थी और उनके दो बच्चे हैं। उसने आरोप लगाया कि सुखविंद्र अक्सर उसकी बहन के साथ मारपीट करता था। शिकायतकर्ता ने बताया कि 7 मार्च को उसे फोन पर सूचना मिली कि उसके बहनोई ने कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी बहन की हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही वह अपने परिवार के साथ गांव पहुंचा, जहां उसकी बहन का शव घर के कमरे में फर्श पर पड़ा मिला। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

    रोटी नहीं देने पर नशेड़ी पति ने सिर में मारी कुल्हाड़ी | Bhuna News

    पत्नी की हत्या करने के बाद आरोपी सुखविंद्र सिंह गांव के श्मशान घाट में जाकर छिप गया था। पुलिस ने जांच के दौरान देर रात श्मशान भूमि में तलाशी अभियान चलाया, जहां आरोपी पौधों के बीच छिपा मिला। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने कुल्हाड़ी से पत्नी की हत्या करने की बात कबूल कर ली। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह नशा करता था और इसी बात को लेकर अक्सर पत्नी से झगड़ा होता रहता था। शनिवार दोपहर जब वह घर पहुंचा तो उसे रोटी नहीं मिली। इसी बात पर गुस्से में आकर उसने कुल्हाड़ी उठाकर पत्नी के गले पर वार कर दिया। वारदात के बाद वह डर गया और पहले खेत में गेहूं की फसल में छिप गया तथा बाद में रात को श्मशान भूमि में जाकर छिप गया, जहां से पुलिस ने उसे पकड़ लिया। आरोपी को रविवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में हिसार जेल भेज दिया गया।

    नशे ने उजाड़ा घर- दो मासूमों के सिर से छिना सहारा

    जांडली खुर्द गांव में नशे की लत ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं और दो मासूम बच्चों को असमय ही जीवन की कठोर सच्चाई के सामने खड़ा कर दिया। पिता के हाथों मां की हत्या के बाद अब 12 वर्षीय बेटी और 9 वर्षीय बेटा बेसहारा हो गए हैं। एक तरफ मां हमेशा के लिए दुनिया छोड़ गई, तो दूसरी ओर पिता जेल की सलाखों के पीछे पहुंच गया। ऐसे में दोनों बच्चों का भविष्य अनिश्चितता में घिर गया है। गांव के लोगों के अनुसार दोनों बच्चे गांव के सरकारी स्कूल में पढ़ते हैं। बड़ी बेटी पांचवीं कक्षा में और बेटा चौथी कक्षा का छात्र है।

    मां के साये में पल रहे इन बच्चों ने कभी नहीं सोचा था कि एक ही दिन में उनकी दुनिया इस तरह बदल जाएगी। अब घर में न मां की ममता है और न ही पिता का सहारा। परिवार की आर्थिक स्थिति भी बेहद कमजोर बताई जा रही है। घर में पहले से ही गुजारे की मुश्किलें थीं और अब हालात और भी कठिन हो गए हैं। गांव के लोग इस घटना से बेहद दुखी हैं और बच्चों के भविष्य को लेकर चिंता जता रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि नशे की बुरी आदत ने न केवल एक महिला की जान ले ली, बल्कि दो मासूम बच्चों के सिर से हमेशा के लिए मां-बाप का साया भी छीन लिया। अब गांव और समाज के सामने इन बच्चों के भविष्य को संभालने की बड़ी जिम्मेदारी खड़ी हो गई है। Bhuna News

    यह भी पढ़ें:– International Women’s Day: बेटियों को बड़े सपने देखने व पूरा करने का दे साहस- संतोष दहिया